भिलाई सेक्टर-10 के गुंडिचा मंडप में हुआ आयोजन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने महिला हितग्राही को सौंपा दो लाख रुपये का चेक
भिलाई, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित सुशासन तिहार के तहत सोमवार को भिलाई सेक्टर-10 स्थित गुंडिचा मंडप में जनसमस्याओं के निराकरण एवं शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने आवेदनों का संज्ञान लेते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की।
कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने शिविर का निरीक्षण कर नागरिकों से संवाद किया तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आम जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है। सुशासन तिहार इसी सोच को धरातल पर साकार करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना के तहत एक महिला हितग्राही को दो लाख रुपये का चेक प्रदान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
शिविर में राजस्व, नगरीय प्रशासन, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं। नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की पहल की गई। कई लोगों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं क्षेत्रीय समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिन पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की गई।

कार्यक्रम को सफल बनाने में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। भाजपा पश्चिम मंडल अध्यक्ष गोल्डी सोनी, संजय दानी, किरण कन्नौज, सविता नाहक, सलोनी, सीमा तिवारी, बी. पद्मनाभन, सुजीत सोनवानी (सह मीडिया प्रभारी), रेहान अहमद, तारिक खान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उन्होंने नागरिकों की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाने और समाधान प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया।
जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के समन्वित प्रयासों से शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के साथ-साथ समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच उपलब्ध कराते हैं।

सुशासन, जनसेवा और विकास की भावना से आयोजित इस शिविर ने आम नागरिकों में शासन के प्रति विश्वास को और मजबूत किया। साथ ही यह संदेश भी दिया कि सरकार जनहित के मुद्दों के समाधान और लोककल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की जनोन्मुखी सोच और संवेदनशील प्रशासन की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली।




