विशेषज्ञों ने कहा साफ पानी में पनपता है एडिस मच्छर, लापरवाही बन सकती है जानलेवा; घर-घर जागरूकता अभियान चलाने की अपील
भिलाई, विश्व डेंगू दिवस के अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में डेंगू एवं अन्य वैक्टर जनित रोगों से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को डेंगू के कारण, लक्षण, बचाव और समय पर जांच के महत्व की जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीईटीओ सैय्यद असलम ने कहा कि डेंगू एक वैक्टर जनित रोग है, जो एडिस मच्छर के काटने से होता है। यह मच्छर दिन के समय काटता है और साफ पानी में अंडे देता है। उन्होंने बताया कि पानी जमा रहने वाले स्थानों पर मच्छरों का लार्वा विकसित होकर वयस्क मच्छर बनता है, इसलिए जागरूकता अभियान बेहद जरूरी है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि घरों और आसपास पानी जमा न होने दें। पुराने टायर, गमले, फ्रीज के पीछे लगे ट्रे, पक्षियों के पानी पीने के पात्र, डिस्पोजल कप और खुले में फेंके गए गिलासों को नियमित रूप से साफ करें। कूलर का पानी प्रतिदिन बदलें तथा सप्ताह में एक दिन “ड्राय डे” मनाकर कूलर पूरी तरह खाली रखें।
डॉ. भुवनेश्वर कुमार कठौतिया ने बताया कि डेंगू में तेज बुखार, हाथ-पैरों और जोड़ों में दर्द, कमजोरी तथा प्लेटलेट्स कम होने जैसी समस्याएं सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार नहीं मिलने पर यह बीमारी गंभीर रूप ले सकती है और मृत्यु का कारण भी बन सकती है।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. रश्मि गेलेड ने लोगों को मच्छरदानी के उपयोग, साफ-सफाई बनाए रखने तथा पानी जमा होने वाले स्थानों में जला ऑयल या निगम द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली दवा डालने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें और फ्रीज के पीछे के ढक्कन की नियमित सफाई अवश्य करें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी तथा सेक्टर मेडिकल ऑफिसर डॉ. शिखर अग्रवाल ने कहा कि बुखार आने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर डेंगू, मलेरिया एवं चिकनगुनिया की निशुल्क जांच करानी चाहिए। सभी स्वास्थ्य केंद्रों में डेंगू जांच किट उपलब्ध हैं और समय पर जांच से गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम में सोनसील देशलहरे, वर्षा वर्मा, पी. स्वामी, निवेश प्रधान, देवीला चंद्राकर, कुमेश साहू, यशवंत साहू, हेमलता निर्मलकर, हर्षा मानिकपुरी, नारायण साहू, शांता पाटिल, संजय सेन, भोजबाई देशमुख, रेखराम साहू, नीना चक्रवर्ती, थानेश्वरी साहू एवं मनोरमा बंछोर सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।



