एकतरफा प्रेम में सनकी युवक ने की युवती की हत्या, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

Editor
By Editor 4 Min Read

बातचीत से इंकार करने पर रची थी हत्या की साजिश, वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार और मोटरसाइकिल बरामद; साक्ष्य मिटाने के लिए कपड़े-जूते नदी में फेंके

भिलाई, वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम प्रसंग के चलते युवती की हत्या करने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे मृतिका की रूममेट ने उसके परिजनों को सूचना दी कि खुशी साहू अपने किराए के कमरे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ी है। परिजन और अन्य लोग उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अपराध क्रमांक 285/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की। संदेह के आधार पर लाकेश्वर साहू उर्फ पिंटू (24) निवासी सकरी वार्ड क्रमांक-12, बजरंग चौक, थाना सिटी कोतवाली, जिला बलौदाबाजार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मृतिका से एकतरफा प्रेम करता था। युवती द्वारा उससे बातचीत करने और संबंध रखने से लगातार इंकार किए जाने के कारण वह नाराज था। इसी कारण उसने पहले से हत्या की योजना बनाई और रायपुर से भिलाई धारदार हथियार लेकर पहुंचा।

पुलिस के मुताबिक, पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आरोपी ने दो शर्ट पहन रखी थी तथा पैंट के अंदर बरमूडा भी पहन रखा था। कमरे में दोनों के बीच विवाद होने पर आरोपी ने पहले युवती का गला दबाया, फिर धारदार हथियार से शरीर के विभिन्न हिस्सों पर कई प्राणघातक वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने अपने कपड़े और जूते नदी में फेंक दिए ताकि पुलिस को कोई साक्ष्य न मिल सके।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। मामले की विवेचना जारी है।

दुर्ग पुलिस ने बताया कि इस पूरे मामले के खुलासे में थाना वैशाली नगर पुलिस और एसीसीयू (ACCU) टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। त्वरित कार्रवाई और प्रभावी विवेचना के चलते आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता मिली।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। महिलाओं के विरुद्ध हिंसा, उत्पीड़न या किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं। कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Link : https://shricgnewscreator.com/obsessed-youth-murders-young-woman-in-case-of-unrequited-love-accused-arrested-within-24-hours/

Share This Article