भाजपा महिला मोर्चा खुर्सीपार मंडल की नई कार्यकारिणी घोषित, संगठन विस्तार को मिली नई गति

Editor
By Editor 2 Min Read

प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर हुआ गठन, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और महिला सहभागिता बढ़ाने पर रहेगा विशेष फोकस

भिलाई, भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा खुर्सीपार मंडल की नई कार्यकारिणी एवं कार्यसमिति की घोषणा कर दी गई है। यह घोषणा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय तथा भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी के निर्देशानुसार की गई। जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन की सहमति तथा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष स्वीटी कौशिक एवं खुर्सीपार मंडल अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में महिला मोर्चा खुर्सीपार मंडल अध्यक्ष उमा महेश्वरी ने नई कार्यकारिणी एवं कार्यसमिति की घोषणा की।

नवनियुक्त कार्यकारिणी में संगठन के अनुभवी पदाधिकारियों के साथ-साथ नई कार्यकर्ताओं को भी जिम्मेदारी दी गई है। संगठन ने सामाजिक समरसता, सक्रियता और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की हैं। पार्टी नेतृत्व ने उम्मीद जताई है कि नई टीम महिला मोर्चा की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाएगी तथा संगठन की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

महिला मोर्चा की नई कार्यकारिणी का मुख्य उद्देश्य मंडल स्तर से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना, महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करना रहेगा। साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और सेवा गतिविधियों में महिला मोर्चा की प्रभावी भूमिका सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

मंडल अध्यक्ष उमा महेश्वरी ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं कार्यसमिति सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा समाज के हर वर्ग की महिलाओं को संगठन से जोड़ने तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करेगा।

Link: https://shricgnewscreator.com/new-executive-committee-of-bjp-mahila-morcha-khursipar-mandal-announced-organizational-expansion-gains-new-momentum/

Share This Article