न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दुर्ग पुलिस की कार्रवाई, हेरोइन, नशीली गोलियां-कैप्सूल और सीरप भी नष्ट
भिलाई, दुर्ग पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में जब्त किए गए नशीले पदार्थों का विधिसम्मत तरीके से नष्टीकरण किया। जिला दुर्ग के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में दर्ज 66 प्रकरणों में जब्त करीब 1.20 करोड़ रुपये कीमत के मादक पदार्थ न्यायालयीन एवं वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद नष्ट किए गए। कार्रवाई 8 अगस्त को जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति के समन्वय से की गई।
नष्टीकरण की कार्रवाई भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के एसएमएस-03 प्लांट स्थित भस्मीकरण संयंत्र में निर्धारित प्रक्रिया के तहत की गई। वहीं नशीली दवाई (सीरप) का नष्टीकरण नेवई थाना क्षेत्र के नेवईभाठा में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया गया।
138 किलो से अधिक गांजा किया नष्ट
दुर्ग पुलिस के अनुसार नष्टीकरण योग्य सामग्री में 138.196 किलोग्राम गांजा, 114.56 ग्राम हेरोइन, 1758 नशीली टेबलेट, 2772 नशीले कैप्सूल और 837 नग नशीली दवाई के सीरप शामिल थे। इन सभी मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये बताई गई है।
न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद कार्रवाई
छत्तीसगढ़ शासन, सामान्य प्रशासन विभाग और नारकोटिक्स सेल, पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशों के तहत जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण के लिए जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति गठित है। संबंधित प्रकरणों में आवश्यक न्यायालयीन एवं वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब्त सामग्री को नष्टीकरण के लिए प्रस्तुत किया गया। इस दौरान निर्धारित सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों का पालन किया गया।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
नष्टीकरण के दौरान डीआइजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति के अध्यक्ष, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) शोभराज अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी और प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अशोक अग्रवाल मौजूद रहे।
कार्रवाई में जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति और डीसीआरबी शाखा के अधिकारी-कर्मचारियों ने वैधानिक प्रक्रिया का पालन किया। पर्यावरण विभाग, नगर निगम भिलाई और भिलाई इस्पात संयंत्र के एसएमएस-03 के अधिकारियों-कर्मचारियों का भी आवश्यक सहयोग रहा।
नशे के खिलाफ सूचना देने पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन, परिवहन, बिक्री और सेवन से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।
Link : https://shricgnewscreator.com/narcotics-worth-%e2%82%b91-20-crore-destroyed-in-bsp-includes-138-kg-of-cannabis-seized-across-66-cases/








