सात दिन में नो-पार्किंग के 1112 वाहनों पर कार्रवाई, 173 गौवंश हटाए

Editor
By Editor 5 Min Read

यातायात पुलिस का विशेष अभियान जारी, 118 कंडम वाहन जब्त; नगर निगमों और बीएसपी प्रबंधन के साथ मिलकर हो रही कार्रवाई

दुर्ग, शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के साथ सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा एक अगस्त से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शहर के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। बीते सात दिनों में यातायात पुलिस ने 1112 वाहनों पर नो-पार्किंग की कार्रवाई की है। वहीं सड़कों पर विचरण करने वाले 173 गौवंश को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।

अभियान के दौरान लंबे समय से सड़क, सर्विस रोड और सार्वजनिक स्थानों पर खड़े कंडम एवं अनुपयोगी वाहनों को भी हटाया जा रहा है। यातायात पुलिस के अनुसार अब तक 118 कंडम वाहनों को सड़क से हटाकर जब्ती की कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही सड़क और सर्विस रोड पर अवैध रूप से कब्जा कर व्यापार करने वाले ठेले, गुमटी और अस्थायी दुकानों को भी हटाया जा रहा है।

नगर निगम और बीएसपी के साथ समन्वय

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए यातायात पुलिस द्वारा दुर्ग नगर निगम, भिलाई नगर निगम, भिलाई-चरोदा नगर निगम, रिसाली नगर निगम, कुम्हारी नगर पालिका तथा भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) प्रबंधन के साथ समन्वय किया जा रहा है। संयुक्त टीमों द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण और वाहनों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है।

नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई

शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने से यातायात प्रभावित होता है। ऐसे वाहनों को हटाकर कार्रवाई की जा रही है। वाहन चालकों को समझाइश भी दी जा रही है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करें और सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात में बाधा उत्पन्न न करें।

सड़क पर घूम रहे 173 गौवंश हटाए

सड़कों और प्रमुख मार्गों पर आवारा गौवंश के विचरण से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। अभियान के दौरान नगर निगमों के सहयोग से 173 गौवंश को सड़कों से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। हाईवे पेट्रोलिंग टीम द्वारा भी लगातार सड़कों पर घूम रहे गौवंश को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इससे वाहन चालकों के साथ गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

कंडम वाहनों से भी खाली कराए जा रहे मार्ग

सड़कों, सर्विस रोड और सार्वजनिक स्थानों पर लंबे समय से खड़े अनुपयोगी एवं कंडम वाहनों के कारण सड़क की उपयोगी चौड़ाई कम हो जाती है। यातायात पुलिस ने ऐसे वाहनों को चिन्हित कर हटाने की कार्रवाई शुरू की है। अभियान में अब तक 118 कंडम वाहनों को हटाकर जब्त किया गया है।

अतिक्रमण हटाने के साथ दी जा रही समझाइश

यातायात पुलिस द्वारा सड़क और सर्विस रोड पर अवैध रूप से कब्जा कर व्यापार करने वाले ठेले, गुमटी और अस्थायी दुकानदारों को भी हटाया जा रहा है। संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सड़क और सर्विस रोड आम नागरिकों के आवागमन के लिए उपलब्ध रहे। वाहन चालकों और दुकानदारों को समझाइश दी जा रही है कि सड़क पर वाहन खड़ा न करें और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाला कोई सामान सड़क पर न रखें।

यातायात पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के साथ नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है। सड़कों से अतिक्रमण, कंडम वाहन और आवारा गौवंश हटने से सड़क की उपयोगी चौड़ाई बढ़ेगी और यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से मांगा सहयोग

यातायात पुलिस दुर्ग ने नागरिकों से अपील की है कि शहर को सुंदर, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए चलाए जा रहे इस अभियान में सहयोग करें। यातायात नियमों का पालन करें, नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा न करें और सड़क अथवा सर्विस रोड पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें।

Link : https://shricgnewscreator.com/action-taken-against-1112-vehicles-for-no-parking-violations-and-173-stray-cattle-removed-in-seven-days/

Share This Article