जामुल के कुरुद बाजार चौक की घटना; पुलिस ने मामा-भांजे को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
भिलाई, जामुल थाना क्षेत्र के ग्राम कुरुद के बाजार चौक में रविवार शाम शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में एक युवक ने अपने मामा के दोस्त पर ईंट और लोहे की बाल्टी से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जामुल पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान पूरन भारती (50), निवासी ग्राम खोपली, थाना उतई के रूप में हुई है। पूरन अपने दोस्त मनीष बघेल के साथ कुरुद निवासी राजा जोशी के घर पहुंचा था। वहां शराब पीने के दौरान दोनों के बीच बातचीत और मजाक चल रहा था। इसी दौरान पूरन द्वारा मनीष से गाली-गलौच करने पर राजा जोशी नाराज हो गया।
विवाद बढ़ने पर राजा ने घर में रखी ईंट और लोहे की बाल्टी से पूरन के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से पूरन की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी राजा, मनीष का भांजा है।
घटना की जानकारी मिलने पर जामुल पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल ने बताया कि घटना के संबंध में दो लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Link : https://shricgnewscreator.com/maternal-uncles-friend-murdered-with-a-brick-youth-struck-him-on-the-head-multiple-times-following-a-dispute-at-a-drinking-party/













