शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 28 अधिकारियों के तबादले, कई जिलों में नए डीईओ पदस्थ

Editor
By Editor 2 Min Read

रायपुर, छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और शैक्षणिक कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। विभाग द्वारा जारी आदेश में कुल 28 अधिकारियों के तबादले किए गए हैं, जिनमें जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक संचालक और प्राचार्य स्तर के अधिकारी शामिल हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

अवर सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार राज्य के महासमुंद, रायपुर, बिलासपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, बलौदाबाजार-भाटापारा, रायगढ़, गरियाबंद, धमतरी, बेमेतरा, बीजापुर, नारायणपुर और बालोद सहित कई जिलों में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। इसके साथ ही लोक शिक्षण संचालनालय और विभिन्न संभागीय कार्यालयों में भी अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

जारी आदेश के तहत प्रभारी उप संचालक लोक शिक्षण संचालनालय बी.एल. देवांगन को अब महासमुंद का प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बनाया गया है। वहीं रायपुर के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय को लोक शिक्षण संचालनालय में प्रभारी उप संचालक के रूप में पदस्थ किया गया है। सहायक संचालक एम.जी. सतीश कुमार को रायपुर का प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी तरह बिलासपुर में रमेश्वर जायसवाल को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

अन्य जिलों में भी कई नए प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जबकि कई विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और सहायक संचालकों को पदोन्नत कर जिला स्तरीय जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कुछ अधिकारियों को संचालनालय एवं संभागीय स्तर पर स्थानांतरित किया गया है, जिससे प्रशासनिक संतुलन स्थापित किया जा सके।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि यह पुनर्संरचना शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने, योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और जिलों में समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई है। इस फेरबदल के बाद राज्य के शिक्षा प्रशासन में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेगा और कार्यों में गति आने की उम्मीद है।

Share This Article