विद्युत उपभोक्ता जागरूकता बैठक में शिकायत निवारण प्रक्रिया व एसओपी की दी जानकारी

Editor
By Editor 2 Min Read

दुर्ग, विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम, दुर्ग द्वारा शुक्रवार को कार्यपालन यंत्री, संभागीय कार्यालय बेमेतरा में विद्युत उपभोक्ता जागरूकता विषय पर विशेष बैठक आयोजित की गई। इसमें विद्युत उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों तथा शिकायत निवारण की प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया गया।

बैठक में बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ताओं के साथ विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपभोक्ताओं को विद्युत संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। फोरम के अध्यक्ष ने अपने संबोधन में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम की कार्यप्रणाली, अधिकार क्षेत्र तथा विभिन्न प्रकार की शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता बिल संबंधी विवाद, गलत मीटर रीडिंग, विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं तथा अन्य शिकायतें निर्धारित प्रक्रिया के तहत फोरम में प्रस्तुत कर सकते हैं। बैठक में उपभोक्ताओं को शिकायत दर्ज करने की विधि, आवश्यक दस्तावेजों एवं सुनवाई प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को विद्युत नियामक आयोग द्वारा निर्धारित स्टैंडर्ड ऑफ परफॉर्मेंस (एसओपी) के विभिन्न प्रावधानों तथा सेवाओं के निर्धारित समय-सीमा के संबंध में अवगत कराया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य उपभोक्ताओं और विभाग के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना तथा शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निराकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। उपस्थित उपभोक्ताओं ने भी विद्युत सेवाओं से संबंधित अपने सुझाव और समस्याएं साझा कीं, जिनके समाधान के लिए अधिकारियों ने आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

Share This Article