ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज में अवैध कब्जों और जाम से ट्रांसपोर्ट व्यवसाय प्रभावित, एसोसिएशन ने की कार्रवाई की मांग

Editor
By Editor 2 Min Read

भिलाई, छत्तीसगढ़ ट्रक ट्रेलर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज द्वारा क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत समस्याओं एवं अव्यवस्थाओं को लेकर विधायक डोमन लाल कोर्सेवाडा तथा भिलाई-चरोदा निगम महापौर निर्मल कोसरे को ज्ञापन सौंपा गया। एसोसिएशन ने ट्रांसपोर्ट नगर में बढ़ती समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए कहा कि लंबे समय बाद ट्रांसपोर्ट नगर का विकास कार्य हुआ है, लेकिन कई गंभीर समस्याएं अब भी जस की तस बनी हुई हैं।

ज्ञापन में बताया गया कि ट्रांसपोर्ट नगर में इन एवं आउट व्यवस्था के तहत डबल रोड का निर्माण किया गया है, लेकिन कई स्थानों पर कबाड़ी संचालकों एवं मिस्त्रियों द्वारा सड़कों पर वाहनों को खड़ा कर अतिक्रमण कर दिया गया है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। एसोसिएशन ने ऐसे वाहनों को तत्काल हटाने की मांग की है। कई वर्षों से लावारिस हालत में खड़े भारी वाहन सड़क जाम का कारण बने हुए हैं, जिन्हें तत्काल जब्त किया जाना चाहिए। वहीं अवैध कब्जों की समस्या को लेकर कई बार शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई गई।

एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि कुछ ट्रक मिस्त्री सड़क पर ही वाहनों को खड़ा कर गैरेज संचालित कर रहे हैं, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा ट्रांसपोर्ट नगर के दोनों प्रवेश द्वारों पर बैरिकेड्स लगाने की मांग भी की गई ताकि भारी वाहनों का आवागमन सुचारु रूप से हो सके। ट्रांसपोर्ट नगर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर भी चिंता जताई गई। प्रतिदिन ट्रकों से डीजल चोरी, बैटरी, टायर एवं अन्य पार्ट्स चोरी होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। एसोसिएशन ने पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की है। रेलवे क्रॉसिंग के पास संचालित मछली एवं मटन दुकानों को भी ट्रैफिक जाम और दुर्घटना की आशंका का प्रमुख कारण बताया गया।

Share This Article