बुधवार को कांकड़ आरती, महाअभिषेक, महाभोग, भजन संध्या और भव्य पालकी शोभायात्रा होगी आकर्षण
भिलाई, साईं धाम कुम्हारी में आयोजित दो दिवसीय श्री गुरु पूर्णिमा महोत्सव-2026 का शुभारंभ मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नवग्रह पूजन, देव स्थापना पूजन एवं यज्ञ स्थापना के साथ हुआ। श्रद्धालुओं की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। इसके पश्चात कुमकुम पूजन, आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने साईं बाबा का आशीर्वाद प्राप्त कर गुरु पूर्णिमा महोत्सव की मंगलकामना की।

महोत्सव के दूसरे एवं मुख्य दिवस बुधवार 29 जुलाई को प्रातः 7:30 बजे से कांकड़ आरती एवं महाअभिषेक के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। इसके बाद महाअभिषेक, पूजन-अर्चन एवं अन्य अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे।
प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न तक महाभोग (प्रसाद) वितरण किया जाएगा। दोपहर में यज्ञ पूर्णाहुति के पश्चात दोपहर 2:00 बजे से सुप्रसिद्ध भजन गायिका मीनाक्षी रावत एवं उनके साथियों द्वारा संगीतमय भजन संध्या प्रस्तुत की जाएगी, जिसमें साईं बाबा के भजनों की मधुर प्रस्तुति श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर करेगी।

संध्या के समय गोधूलि बेला में साईं बाबा की भव्य पालकी शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो महोत्सव का प्रमुख आकर्षण होगी। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिला मंडल एवं भजन मंडलियां शामिल होकर साईं नाम का संकीर्तन करेंगे।
साईं धाम समिति ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे परिवार सहित गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शामिल होकर सद्गुरु एवं श्री साईं बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करें। महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया है तथा आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
Link : https://shricgnewscreator.com/guru-purnima-festival-begins-at-sai-dham-kumhari-religious-rituals-commenced-with-navagraha-puja-and-yajna-consecration/








