स्कंदषष्ठी महोत्सव की महापूर्णाहुति में शामिल होंगे राज्यपाल रामेन डेका

Editor
By Editor 3 Min Read

हुडको के स्कंदाश्रम में 29वें स्कंदषष्ठी महोत्सव के दूसरे दिन पांच हवन हुए संपन्न, नवचंडी पारायणम एवं चंडी हवन में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़; आज सुबह से होंगे विशेष धार्मिक अनुष्ठान

भिलाई, हुडको स्थित स्कंदाश्रम परिसर में आयोजित 29वें स्कंदषष्ठी महोत्सव में भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है। महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ पांच हवन संपन्न हुए। वहीं, संध्या के समय नवचंडी पारायणम एवं चंडी हवन का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर माता चंडी की आराधना की।

महोत्सव के प्रथम पहर में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और शैक्षणिक सफलता की कामना से विशेष मेधा दक्षिणमूर्ति हवन आयोजित किया गया। हवन के पश्चात दीदी शिवरंजनी ने उपस्थित बच्चों को विशेष आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने बच्चों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने और सफलता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया। दोपहर में दुर्ग शहर के पूर्व विधायक अरुण वोरा भी अपने परिवार के साथ स्कंदाश्रम पहुंचे और धार्मिक आयोजन में शामिल हुए।

नवचंडी पारायणम एवं चंडी हवन में उमड़े श्रद्धालु

महोत्सव के दूसरे दिन शाम को मंडप में भक्तिमय वातावरण के बीच नवचंडी पारायणम एवं चंडी हवन संपन्न हुआ। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। हवन में सोने-चांदी के आभूषण, साड़ियां, चंदन, हल्दी, कुमकुम, विभिन्न प्रकार के फल, फूल और मिठाइयों सहित अनेक पूजन सामग्रियों की आहुति दी गई। श्रद्धालुओं ने माता चंडी के समक्ष अपनी श्रद्धा अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की।

महापूर्णाहुति में शामिल होंगे राज्यपाल रामेन डेका

स्कंदषष्ठी महोत्सव के अंतिम दिन रविवार 15 नवंबर को आयोजित महापूर्णाहुति में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका शामिल होंगे। उल्लेखनीय है कि राज्यपाल लगातार दूसरे वर्ष स्कंदषष्ठी महोत्सव में शामिल होने के लिए स्कंदाश्रम पहुंच रहे हैं। उनके आगमन को लेकर आयोजन स्थल पर विशेष तैयारियां की गई हैं।

सुबह सात बजे से होंगे विशेष अनुष्ठान

महोत्सव के अंतिम दिन सुबह 7 बजे से धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ होगा। इस दौरान ऋण विमोचन गणपति हवन, श्री शत्रु संहार सुब्रमन्या त्रिसदी हवन, वडुग राजा पूजा, कन्या पूजा, सुहासिनी पूजा एवं दंपती पूजा संपन्न होगी। इसके पश्चात वसुधरा अनुष्ठान के साथ महापूर्णाहुति और कलश अभिषेकम किया जाएगा।

धार्मिक अनुष्ठानों के समापन के साथ ही 29वें स्कंदषष्ठी महोत्सव का विधिवत समापन होगा।

Link : https://shricgnewscreator.com/governor-ramen-deka-will-participate-in-the-concluding-ritual-maha-purnahuti-of-the-skanda-shashthi-festival/

Share This Article