30 सितंबर से पांच दिवसीय ध्यान-साधना शिविर, साधकों को मिलेगा ध्यान और आत्मचिंतन का अवसर

Editor
By Editor 4 Min Read

नेहरू नगर के कबीर आश्रम में 4 अक्टूबर तक चलेगा शिविर, 2 अक्टूबर को गांधी-शास्त्री जयंती पर विशेष साधना सत्र और समापन समारोह

भिलाई, निर्मल ज्ञान मंदिर, कबीर आश्रम, नेहरू नगर में 30 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक पांच दिवसीय ध्यान-साधना शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में साधकों को नियमित ध्यान, साधना, सेवा और आत्मचिंतन के माध्यम से आध्यात्मिक अनुशासन का अभ्यास कराया जाएगा। शिविर का आयोजन सद्गुरु कबीर साहेब एवं संस्थापक संत निर्मल साहेब जी की प्रेरणा से किया जा रहा है।

शिविर के दौरान साधकों के लिए निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार विभिन्न साधना सत्र आयोजित होंगे। दिन की शुरुआत जागरण, नित्य क्रिया और ध्यान-साधना कक्ष में प्रवेश से होगी। इसके बाद प्रथम साधना सत्र, जलपान एवं सेवा कार्य, द्वितीय साधना सत्र, भोजन अवकाश, तृतीय साधना सत्र, भोजन अवकाश तथा चतुर्थ साधना सत्र आयोजित किया जाएगा। दिन का समापन प्रशांत दीप के साथ विश्राम से होगा।

गांधी-शास्त्री जयंती पर विशेष सत्र

शिविर के दौरान 2 अक्टूबर को विशेष आयोजन होगा। शुक्रवार को प्रातः 9.30 से 11.30 बजे तक होने वाला द्वितीय साधना सत्र महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य में विशेष सत्र के रूप में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर उनके विचारों और जीवन मूल्यों को ध्यान-साधना से जोड़ते हुए कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

पांच दिवसीय ध्यान-साधना शिविर के समापन अवसर पर समापन समारोह के साथ बाल संस्कार शिविर भी आयोजित किया जाएगा। इसमें बच्चों, उनके अभिभावकों सहित अन्य संत-भक्तों के लिए खुला मंच रहेगा।

साधकों के लिए नियम निर्धारित

शिविर में शामिल होने वाले सभी साधकों के लिए आश्रम की ओर से कुछ नियम निर्धारित किए गए हैं। साधना सत्र के दौरान मोबाइल फोन बंद या साइलेंट मोड में रखना अनिवार्य होगा। अति आवश्यक होने पर ही ध्यान कक्ष से बाहर एकांत स्थान पर संक्षिप्त बातचीत की अनुमति रहेगी।

साधना और शयन के लिए निर्धारित आसन का ही उपयोग करना होगा। भोजन एवं जलपान में इस्तेमाल किए गए पात्र और गिलास की सफाई साधकों को स्वयं करनी होगी। आश्रम की साफ-सफाई में भी समयानुसार सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।

शिविर में मौन और अनुशासन पर जोर

शिविर अवधि में साधकों को आश्रम से बाहर शहर या बाजार में जाने से बचने के निर्देश दिए गए हैं। समाचार पत्र पढ़ने और अनावश्यक रूप से मोबाइल देखने पर भी रोक रहेगी। साधकों के बीच अनावश्यक बातचीत, परिचय और गपशप में समय व्यर्थ न करने तथा यथासंभव मौनव्रत का पालन करने को कहा गया है।

शिविर की व्यवस्था में व्यवस्थापकों का सहयोग करते हुए संयम और शील का व्यवहार करने की अपेक्षा की गई है। साथ ही भोजन एवं जलपान उतनी ही मात्रा में लेने की सलाह दी गई है, जिससे ध्यान-साधना में किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजकों ने शिविर में शामिल होने वाले साधकों से निर्धारित नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखने की अपील की है।

Link : https://shricgnewscreator.com/five-day-meditation-camp-starting-september-30-seekers-to-get-an-opportunity-for-meditation-and-self-reflection/

Share This Article