भव्य कलश यात्रा में उमड़ी मातृशक्ति की भीड़, राम जन्मोत्सव, शिव विवाह और वन गमन की झांकियों ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
भिलाई, श्रीराम जन्मोत्सव समिति भिलाई-3 के तत्वावधान में शिवधाम बजरंग पारा में आयोजित चार दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है। 19 से 22 नवंबर तक आयोजित इस धार्मिक आयोजन में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में माताओं और बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कलश यात्रा में सुसज्जित राम दरबार की झांकी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही, जिसने श्रद्धालुओं और दर्शकों का मन मोह लिया।
कथा वाचक बाल व्यास आचार्य हरीश ने कथा के दौरान पारिवारिक संस्कारों और भगवान श्रीराम के आदर्शों का वर्णन करते हुए कहा कि आदर्श गृहस्थी वही होती है, जिसमें पुत्र माता-पिता के आज्ञाकारी हों और माता-पिता बच्चों के हितकारी हों। पति-पत्नी के बीच संबंध मधुर और सुखद हों। ऐसे परिवार सदैव सुखी और समृद्ध रहते हैं।

उन्होंने कहा कि राम नाम रूपी अमृत से मनुष्य भवसागर पार कर सकता है। यही राम नाम की महिमा है। आदर्श संस्कार वही हैं, जिनमें पुत्र माता-पिता के वचनों और आदेशों का पालन करे। प्रत्येक मनुष्य को अपने भीतर के विकारों का त्याग कर उच्च आदर्शों को अपनाना चाहिए।

संगीतमय श्रीराम कथा के दौरान श्रीराम कथा महात्म्य, श्रीराम वंदना, भारद्वाज संवाद, सती मोह प्रसंग, शिव विवाह, नारद मोह प्रसंग, श्रीराम जन्मोत्सव, श्रीराम विवाह उत्सव, वन गमन और केवट प्रसंग का विस्तार से वर्णन किया गया। इन प्रसंगों का आकर्षक झांकियों के माध्यम से सजीव चित्रण किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

आयोजन में श्रीराम जन्मोत्सव समिति के संरक्षक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष शीला बाघमारे, जिला उपाध्यक्ष ऋतु गिरि, भाजपा नेत्री मीना गिरी, भिलाई-3 मंडल प्रभारी मनोज तिवारी, भाजपा जिला प्रवक्ता प्रेमलाल साहू, पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष गीता वर्मा, शाला विकास एवं प्रबंधन समिति कन्या शाला भिलाई-3 की अध्यक्ष अंजू वर्मा, अनूपा विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष ओबीसी मोर्चा रामकुमार साहू, छत्तीसगढ़ मंच संचालन समिति के प्रदेश अध्यक्ष सोहन साहू, पूर्व एल्डरमेन श्यामरतन साहू, मंच संचालन समिति की प्रदेश महिला अध्यक्ष वेद कुमारी, वरिष्ठ पत्रकार त्रिभुवन मिश्रा, नीतीश रात्रे, राहुल उइके और पुष्पराज उपस्थित रहे।

इसके अलावा श्रीराम जन्मोत्सव समिति भिलाई-3 प्रखंड के अध्यक्ष गुलशन ढिंढे, महिला अध्यक्ष विनीता शिंदे, कोषाध्यक्ष अमर साहू, राजेंद्र सोनी, प्रेम शर्मा, नम्रता विश्वकर्मा, मीणा गिरी, आनंद शर्मा, परमानंद शर्मा, चंचल साहू, संतोषी ढिंढे और कुसुमलता सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने आयोजन में सहभागिता निभाई।

समिति अध्यक्ष गुलशन ढिंढे ने बताया कि चार दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा को लेकर नगरवासियों में विशेष उत्साह है। भव्य कलश यात्रा में विभिन्न क्षेत्रों की माताओं और बहनों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। महिला अध्यक्ष विनीता शिंदे ने सभी वार्डवासियों और श्रद्धालुओं से कथा श्रवण कर धर्मलाभ लेने की अपील की। आयोजन में बड़ी संख्या में नगरवासी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Link : https://shricgnewscreator.com/episodes-from-the-ramkatha-captivated-the-audience-in-bhilai-3-with-the-ram-darbar-tableau-emerging-as-the-center-of-attraction/








