भिलाई-3 रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग, चैंबर ने रेलवे प्रबंधन को सौंपा पत्र

Editor
By Editor 3 Min Read

व्यापारी, विद्यार्थी और नौकरीपेशा यात्रियों को हो रही परेशानी का हवाला; पूर्व में बंद स्टॉपेज फिर शुरू करने की मांग

भिलाई, छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, रायपुर ने भिलाई-3 रेलवे स्टेशन पर विभिन्न एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव दिए जाने की मांग की है। इस संबंध में चैंबर ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक, रायपुर को पत्र भेजकर यात्रियों एवं व्यापारिक वर्ग की सुविधा के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

चैंबर ने पत्र में कहा है कि 1888 में स्थापित भिलाई/भिलाई-3 रेलवे स्टेशन क्षेत्र के लिए लंबे समय से महत्वपूर्ण यातायात केंद्र रहा है। स्टेशन के आसपास बड़ी संख्या में व्यापारी, औद्योगिक इकाइयां और आम नागरिक निवास करते हैं। इसके बावजूद यहां पर्याप्त एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से यात्रियों को दुर्ग अथवा रायपुर जाकर ट्रेन पकड़ने के लिए मजबूर होना पड़ता है।

चैंबर के अनुसार, भिलाई-3 क्षेत्र से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री विभिन्न शहरों की यात्रा करते हैं। एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टॉपेज नहीं होने के कारण यात्रियों को अतिरिक्त समय और आर्थिक खर्च वहन करना पड़ता है। विशेष रूप से व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों तथा मरीजों को इससे परेशानी होती है।

पत्र में भिलाई-3 स्टेशन पर विभिन्न एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग की गई है। चैंबर ने इसके लिए कई ट्रेनों का उल्लेख करते हुए कहा है कि यदि इन ट्रेनों का स्टॉपेज भिलाई-3 में दिया जाता है तो क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधे लाभ मिलेगा तथा दुर्ग और रायपुर रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों का दबाव भी कम होगा।

चैंबर ने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास पर बड़े स्तर पर कार्य किया जा रहा है। ऐसे में भिलाई-3 रेलवे स्टेशन को भी यात्री सुविधाओं के दृष्टिकोण से विकसित करने तथा यहां पर्याप्त एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।

चैंबर ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि भिलाई-3 रेलवे स्टेशन पर पूर्व में बंद/न दिए गए स्टॉपेज की समीक्षा कर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव शीघ्र शुरू किया जाए, ताकि क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों और औद्योगिक क्षेत्र को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिल सके।

Link : https://shricgnewscreator.com/demand-for-express-train-stoppages-at-bhilai-3-railway-station-chamber-submits-letter-to-railway-management/

Share This Article