डबरा पारा मारपीट कांड: इलाज के दौरान युवक की मौत, सात आरोपियों पर अब हत्या का मामला

Editor
By Editor 3 Min Read

29 जुलाई को पिक-अप हटाने के विवाद में हुई थी खूनी मारपीट, तीन महिलाओं समेत सात आरोपी पहले ही गिरफ्तार

भिलाई, भिलाई-3 थाना क्षेत्र के डबरा पारा दक्षिण में 29 जुलाई की रात हुए खूनी मारपीट कांड में गंभीर रूप से घायल युवक नीलेश साहू ने मंगलवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वह पिछले पांच दिनों से श्री शंकराचार्य अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा था। युवक की मौत के बाद पुलिस ने पहले से दर्ज जानलेवा हमले के मामले में हत्या की धारा जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस प्रकरण में तीन महिलाओं सहित सात आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस के अनुसार 29 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे डबरा पारा दक्षिण में सड़क पर खड़ी एक पिक-अप वाहन को हटाने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। तेज प्रकाश साहू अपने भाई नीलेश साहू और उसकी पत्नी को घर छोड़ने पहुंचे थे। बारिश के कारण सड़क पर पानी भर जाने और बीच रास्ते में पिक-अप खड़ी होने से आवागमन प्रभावित हो रहा था। वाहन हटाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई।

आरोप है कि सोहन वर्मा, मोहन वर्मा तथा उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने लोहे की जैक रॉड, हॉकी स्टिक और अन्य हथियारों से नीलेश साहू व उसके बड़े भाई तेज प्रकाश साहू पर हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने तत्काल उन्हें श्री शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान नीलेश की हालत लगातार नाजुक बनी रही और वह कोमा में चला गया। मंगलवार को उसने इलाज के दौरान अंतिम सांस ली।

घटना के तत्काल बाद भिलाई-3 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। सभी के खिलाफ जानलेवा हमला सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था। अब घायल की मौत के बाद पुलिस भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या से संबंधित धारा जोड़कर प्रकरण को परिवर्तित कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद वैधानिक प्रक्रिया के तहत सभी आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की विवेचना जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

युवक की मौत से डबरा पारा क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Link : https://shricgnewscreator.com/dabra-para-assault-case-youth-dies-during-treatment-murder-charges-now-filed-against-seven-accused/

Share This Article