दुर्ग में यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, 11 माह में 1.38 लाख चालान

Editor
By Editor 2 Min Read

बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 84,964 चालक पकड़ाए, शराब पीकर वाहन चलाने के 2,460 मामले

दुर्ग, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। वर्ष 2026 में 18 नवंबर तक कुल 1 लाख 38 हजार 97 चालान किए गए हैं, जबकि वर्ष 2025 में जनवरी से नवंबर तक 77 हजार 235 चालान हुए थे।

इस वर्ष बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 84,964, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 2,460 और तेज गति से वाहन चलाने वाले 2,502 चालकों पर कार्रवाई की गई। वहीं, गलत पार्किंग के 16 हजार, तीन सवारी के 8,707 और सीट बेल्ट नहीं लगाने के 7,434 चालान काटे गए। बिना लाइसेंस वाहन चलाने के 772 और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के 111 मामले भी सामने आए।

यातायात पुलिस ने बताया कि लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने, बिना परमिट, बिना रजिस्ट्रेशन, ओवरलोडिंग, नो एंट्री और वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। वर्ष 2026 में अब तक 89,001 चालान न्यायालय में पेश किए गए हैं, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या 21,413 थी।

उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नाबालिगों को वाहन नहीं देने की अपील की है। पुलिस का उद्देश्य चालानी कार्रवाई के साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर लोगों की यात्रा सुरक्षित बनाना है।

Link : https://shricgnewscreator.com/crackdown-on-traffic-rule-violators-in-durg-1-38-lakh-challans-issued-in-11-months/

Share This Article