भिलाई-3, करीब 36 दिनों तक बंद रहने के बाद शुक्रवार को शुरू हुआ सिरसा गेट रेलवे अंडरब्रिज रविवार को एक बार फिर भारी वाहन के प्रवेश के प्रयास से जाम हो गया। दोपहर में एक कैप्सूल वाहन के चालक ने प्रतिबंध के बावजूद अंडरब्रिज में जाने की कोशिश की। वाहन के ऊपर लगा एंगल हाइट गेज में फंस गया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही थम गई। इस दौरान केवल दोपहिया वाहन ही निकल सके, जबकि चारपहिया वाहनों की कतार लग गई। शाम 6.45 खबर लिखे जाने तक कैप्सूल वाहन फंसा रहा ।
अंडरब्रिज की मरम्मत पूरी होने के बाद रेलवे ने फिलहाल भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की है। बड़े वाहनों को रोकने के लिए प्रवेश मार्ग पर हाइट गेज भी लगाया गया है। इसके बावजूद भारी वाहन चालक द्वारा भीतर जाने का प्रयास किए जाने से सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन पर सवाल उठ रहे हैं।

गौरतलब है कि रेलवे के संधारण कार्य के चलते सिरसा अंडरब्रिज को एक जुलाई से बंद रखा गया था। इस दौरान भिलाई-3, सिरसा, चरोदा और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को रोजाना करीब छह से सात किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी। विद्यार्थियों, कर्मचारियों, ग्रामीणों और मजदूरों को जी केबिन अंडरब्रिज सहित वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा था।
अंडरब्रिज को जल्द खोलने की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस के संयुक्त महामंत्री सुजीत बघेल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे मंडल प्रबंधक (डीआरएम) दयानंद से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था। प्रतिनिधिमंडल ने भविष्य में अंडरब्रिज को बार-बार क्षतिग्रस्त होने से बचाने के लिए हाइवा, कैप्सूल समेत अन्य भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग रखी थी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक भारी वाहनों की आवाजाही से अंडरब्रिज की सड़क को नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है। नागरिकों ने मांग की है कि प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए हाइट गेज पर नियमित निगरानी रखी जाए और नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि अंडरब्रिज लंबे समय तक सुचारु रूप से चलता रहे, इसके लिए भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती जरूरी है।
Link : https://shricgnewscreator.com/commuters-using-the-sirsa-underbridge-take-note-a-heavy-vehicle-has-caused-traffic-disruptions/








