पतंजलि परिवार की ओर से कोहका में महीने भर का ग्रीष्मकालीन शिविर शुरू
भिलाई, पतंजलि योग समिति, जिला दुर्ग की ओर से बाल योग गुरुकुल ग्रीष्मकालीन शिविर 2026 की शुरुआत 3 मई रविवार को पतंजलि गौशाला परिसर, कोहका, भिलाई में हुई। 27 मई तक चलने वाले इस शिविर में कक्षा छठवीं से 12वीं तक के बालक-बालिकाओं को योग, भारतीय संस्कृति, नैतिक शिक्षा एवं जीवन कौशल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से 9:00 बजे तक इस शिविर में बच्चों के लिए योग, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार एवं ध्यान, गीता एवं रामायण के श्लोक, चौपाइयों का अध्ययन और जीवन में प्रयोग,जीवन कौशल (अनुशासन, समय प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता), संस्कार आधारित खेल एवं योग प्रतियोगिताएं, चित्रकला, भजन, नाटक, वक्तृत्व एवं रचनात्मक गतिविधियाँ, सेवा कार्य, स्वच्छता एवं वृक्षारोपण जैसी गतिविधियां यहां होंगी। इसके साथ ही प्रत्येक सप्ताह विशेष थीम के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, संस्कार, आत्मविश्वास एवं आध्यात्मिकता का विकास किया जाएगा। जिले के सभी जोनों का सक्रिय सहयोग रहेगा।
इस शिविर के सफल संचालन में स्वेच्छा से सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान है। उद्घाटन समारोह में जयंत भारती ने भजनों के माध्यम से जीवन दर्शन का मार्गदर्शन दिया। श्री कुशवाहा एवं श्री चौरसिया ने खेल-खेल में ज्ञान प्राप्त करने के आसान तरीके बच्चों को बताए। शत्रुघ्न ने गीता के श्लोक का अर्थ सहित जीवन दर्शन प्रदान किया। श्रीनिवास ने इकीगाई (जापानी तकनीक) के माध्यम से जीवन के उद्देश्य एवं भोजन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। शिविर में राजेश तिवारी, मोहिनी, तिजऊ राम साहू एवं उद्धव राम विभिन्न व्यवस्थाएं देख रहे हैं। आयोजकों ने सभी से आग्रह किया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय प्रयास कर अधिक से अधिक बच्चों का पंजीयन सुनिश्चित करें।


