गनियारी-पीपरछेड़ी के पास हुआ हादसा, एसडीआरएफ ने डीप डाइविंग कर 14 वर्षीय रेहान खान का शव निकाला; देर शाम तक रेस्क्यू अभियान जारी
दुर्ग, जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनियारी-पीपरछेड़ी के पास शिवनाथ नदी में शनिवार को जन्मदिन मनाने गए आठ दोस्तों का समूह हादसे का शिकार हो गया। नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से दो किशोर बह गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान एक किशोर का शव बरामद कर पुलिस को सौंप दिया गया, जबकि दूसरे किशोर की तलाश समाचार लिखे जाने तक जारी थी।
जानकारी के अनुसार, आठ दोस्त जन्मदिन मनाने के लिए शिवनाथ नदी पहुंचे थे। सभी नदी में नहाने उतरे, तभी तेज बहाव के कारण दो किशोर गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते लापता हो गए। घटना की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से एसडीआरएफ को दी गई।
जिला सेनानी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ की विशेष रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम ने नदी में डीप डाइविंग कर सघन तलाशी अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद एक किशोर का शव नदी से बाहर निकाला गया।
मृतक की पहचान रेहान खान (14 वर्ष), पिता नदीम खान, निवासी बॉम्बे आवास उरला के रूप में हुई है। शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलगांव पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं दूसरे लापता किशोर की तलाश के लिए एसडीआरएफ का अभियान लगातार जारी है।
रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व प्रभारी धनीराम यादव ने किया। टीम में भूपेंद्र सिंह, चंद्रप्रताप, राजकुमार यादव, दिलीप, सूरज, राजू महानंद, महेश, रमेश, राजेश नेताम, कुंजेश, दिनेश, शारदा और भानुप्रताप सहित अन्य जवान शामिल रहे। एसडीआरएफ के जवान लगातार नदी के गहरे हिस्सों में खोजबीन कर रहे हैं।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी-नालों के बढ़े हुए जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए पानी में उतरने से बचें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
Link : https://shricgnewscreator.com/birthday-celebrations-turned-to-tragedy-at-the-shivnath-river-two-teenagers-were-swept-away-by-the-current-while-bathing-one-body-has-been-recovered-and-the-search-for-the-other-is-ongoing/








