12 महिला सदस्यों की बचत और सरकारी सहायता राशि का नहीं मिला हिसाब, पुलगांव पुलिस ने भेजा न्यायिक हिरासत में
दुर्ग, ग्राम नागपुरा के सपूरा माता महिला स्व-सहायता समूह की 4 लाख 14 हजार 800 रुपये की राशि का हिसाब नहीं मिलने पर पुलिस ने समूह की अध्यक्ष कीर्ति मंडले (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 9 जून 2022 को गठित इस समूह में 12 महिलाएं सदस्य हैं। समूह की सदस्य नियमित रूप से बचत राशि जमा करती थीं। इसके अलावा बैंक खाते में शासन से सहायता राशि भी प्राप्त हुई थी। 18 नवंबर 2026 को महिलाओं ने बैंक खाते की जानकारी ली तो अपेक्षित राशि उपलब्ध नहीं मिली।
इस पर सदस्यों ने समूह अध्यक्ष कीर्ति मंडले से बैंक पासबुक और लेन-देन का हिसाब मांगा। आरोप है कि अध्यक्ष ने राशि खर्च हो जाने की बात कही, लेकिन हिसाब उपलब्ध कराने में टालमटोल करती रही। इसके बाद महिलाओं ने पुलगांव थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 1017/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में अपराध दर्ज किया। पुलिस ने 20 नवंबर को आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने स्व-सहायता समूहों के सदस्यों से बैंक खाते का नियमित मिलान करने और आर्थिक लेन-देन में पारदर्शिता रखने की अपील की है।
Link : https://shricgnewscreator.com/allegation-of-embezzlement-of-rs-4-14-lakh-from-a-womens-group-president-arrested/








