आपसी रंजिश में लाठी, सब्बल और चाकू से वार; बचाने पहुंचे भाई समेत दो अन्य घायल, 7-8 आरोपी हिरासत में
दुर्ग, शहर के राजीव नगर क्षेत्र में सोमवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना में मृतक के भाई समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले में 7 से 8 आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 03 राजीव नगर निवासी जितेश ठाकुर (20) पिता बैसाखू ठाकुर सोमवार रात करीब 1:30 बजे अपने घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान 20 से 25 लोगों का समूह वहां पहुंचा और उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी, सब्बल और चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे जितेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उसके बड़े भाई राहुल ठाकुर और चाचा के बेटे नेहरू ठाकुर पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। हमले में राहुल ठाकुर को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है। वहीं नेहरू ठाकुर भी घायल हुआ है।
घटना राजीव नगर अंबेडकर चौक स्थित तालाब के नीचे, राम जानकी मंदिर के पास हुई। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 से 8 आरोपियों को हिरासत में लिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है।


