रात 3 बजे हुआ हादसा; दो साथी घायल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
भिलाई, नेशनल हाईवे पर नेहरू नगर चौक के पास रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। हादसा देर रात करीब 3 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार थार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे सूचना पोल से जा टकराया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुपेला क्षेत्र निवासी आकाश केशरवानी, ऋतिक साहू और करण सिंह एक ही वाहन में सवार होकर कहीं जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वाहन की रफ्तार काफी अधिक थी। नेहरू नगर चौक के पास अचानक वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया और थार सीधे सड़क किनारे लगे पोल से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में आकाश केशरवानी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं करण सिंह और ऋतिक साहू घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
करण सिंह को इलाज के लिए हाईटेक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि ऋतिक साहू को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। मामले की सटीक जानकारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।


