बच्चों व अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, उत्साह और उमंग से स्कूल का परिसर गूंजा
भिलाई, जी केबिन, चरोदा स्थित संत कबीर पब्लिक स्कूल में 17 से 22 नवम्बर तक वार्षिक खेल-कूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। छह दिनों तक चले इस खेल समारोह में विद्यालय के बच्चों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए 100 मीटर दौड़, सुरुली कुर्सी दौड़, गोली-चम्मच दौड़, बलून दौड़, बाल पासिंग, रस्सी कूद, बाल जंपिंग जैसी मनोरंजक एवं रोमांचकारी प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। सभी प्रतियोगिताओं में बच्चों ने अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए खेल भावना का परिचय दिया।

केवल बच्चे ही नहीं, बल्कि अभिभावकों ने भी उत्साह दिखाते हुए 100 मीटर दौड़ और सुरीली कुर्सी दौड़ में भाग लेकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। अभिभावकों की भागीदारी ने बच्चों का हौसला और भी बढ़ा दिया।

इस अवसर पर स्कूल के संचालक दयादास साहू, विद्यालय की प्राचार्या मोनाली पाल, शिक्षिका कविता पाटिल, दिव्या थापा, किरण यादव, तथा आया संतोषी नेताम सहित बड़ी संख्या में पालकगण और स्कूल के सभी बच्चे उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बनाया।

कार्यक्रम के समापन पर विजेता बच्चों को सम्मानित किया गया और भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास को बढ़ावा देने की बात कही गई ।


