सीसीटीवी फुटेज से आरोपी घुमंतू युवक की पहचान, मार्केट के लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
भिलाई। एक सिरफिरे किस्म का घुमंतू युवक भिलाई-3 में गैरेज के बाहर ठंड से बचने आग जलाकर ताप रहा था। तभी आग की लपटे बिखरे हुए कचरे के जरिए गैरेज के बाहर खड़ी दो चारपहिया वाहनों तक जा पहुंची। आग के संपर्क में आने से एक अल्टो और एक युवा कार धू धूकर जलने लगी। तभी वहां से पेट्रोलिंग वाहन में गुजर रहे भिलाई-3 थाना के स्टाफ की नजर आगजनी पर पड़ी। बगल के मैकेनिक दुकान में लिखे मोबाइल नंबर पर पुलिस ने गैरेज के बाहर खड़ी गाड़ियों में आग लगने की जानकारी दी। इसके बाद स्वयं और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। वहीं सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखकर आरोपी युवक को पकड़ लिया गया है।

आगजनी की यह घटना बीती रात सवा 1 बजे के आसपास भिलाई-3 में बजरंग पारा स्थित मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत विकसित मार्केट में हुई। फोरलेन सड़क से लगी इस मार्केट में सतीश महतो का चार पहिया वाहन सुधारने वाला गैरेज है। इसी गैरेज के बाहर खड़ी दो चारपहिया वाहनों में आगजनी की घटना हुई है। घटना में अल्टो और युवा कार बुरी तरीके से जलकर नष्ट हो गई है। जली हुई कार में से अल्टो गैरेज मालिक सतीश महतो की खुद की है। जबकि दूसरी युवा कार बनने के लिए गैरेज में आई हुई थी।
घटना के बाद बगल के छोटू मिस्त्री की मैकेनिक दुकान में लगी सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाला गया। इसमें एक सिरफिरे और घुमंतू किस्म का युवक की गतिविधि संदिग्ध नजर आ रही थी। कैमरे में दिख रहा युवक पिछले कुछ दिनों से मार्केट के आसपास नजर आ रहा था। इसलिए लोगों ने उसे पहचान लिया। आज सुबह जब वह युवक दिखा तो मार्केट के लोगों ने उसे पकड़ कर पुलिस को जानकारी दी। पूछताछ में युवक ने अपने को खुर्सीपार निवासी राजेश कुमार बताया है। पुलिस युवक के परिजनों से संपर्क कर रही है।

बताया जा रहा है कि रात सवा एक बजे के आसपास रात्रि गश्त कर रहे पेट्रोलिंग टीम के पुलिस जवान ने सतीश गैरेज के पड़ोसी मैकेनिक छोटू मिस्त्री को फोन कर आग लगने की जानकारी दी। विश्व बैंक कालोनी निवासी छोटू मिस्त्री साथ में बेटे को लेकर दुकान के पास पहुंचे तो सतीश महतो के गैरेज के बाहर खड़ी दो कारें जल रही थी। छोटू मिस्त्री ने दुकान खोला और गाड़ी धोने के लिए बनी टंकी से पानी का प्रेशर मारकर आग बुझाने की कोशिश की। तब तक सतीश महतो भी नूतन चौक स्थित अपने घर से पहुंच चुका था। फिर रात सवा दो बजे फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी के पहुंचने पर आग को पूरी तरह से काबू में कर लिया गया।


