पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, खुर्सीपार में मचा हड़कंप पड़ोसी ने घर बुलाकर दीवार पर सिर पटककर की हत्या, फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

Editor
By Editor 2 Min Read

खुर्सीपार थाना प्रभारी आनंद शुक्ला पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की

भिलाई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के अंतर्गत मांझी चौक तिरंगा नगर में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की उसके पड़ोसी ने बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने युवक को अपने घर बुलाकर पहले मारपीट की, फिर उसका सिर दीवार पर पटक दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
खुर्सीपार पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान विक्की उर्फ़ धीरज सरोज (25 वर्ष) निवासी तिरंगा नगर, मांझी चौक के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह पड़ोसी सूरज ने किसी बहाने से उसे अपने घर बुलाया। वहां पहुंचने पर सूरज और उसके परिवारजनों ने विक्की के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान उसका सिर दीवार पर पटक दिया गया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के समय धीरज की मां घर पर मौजूद नहीं थीं। लौटने पर जब उन्होंने बेटे को नहीं पाया तो तलाश करते हुए सूरज के घर पहुंचीं, जहां उन्होंने अपने बेटे को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही खुर्सीपार थाना प्रभारी आनंद शुक्ला पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article