आज होंगे विविध धार्मिक अनुष्ठान, शाम को भजन संध्या
भिलाई। स्कंदाश्रम में चल रहे स्कंद षष्ठी महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका अपनी धर्मपत्नी सहित सपरिवार उपस्थित हुए और श्री नवचंडी हवन में भाग लिया। उन्होंने भगवान से छत्तीसगढ़ की जनता के सुख, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

यज्ञ मंडप में तमिलनाडु से आमंत्रित श्री रामनादा गुरुक्कल एवं उनकी वेदाचार्य टीम द्वारा महा संकल्प के साथ पूजा संपन्न करवाई गई। मंत्रोच्चार और देवी आवाहन के दौरान जब हजारों श्रद्धालुओं ने “जय मां दुर्गा” और “जय जय कार्तिकेय” के जयकारे लगाए, तो पूरा पंडाल मंगल ध्वनि से गूंज उठा।

स्कंदाश्रम की महासचिव शिवरंजनी दीदी ने चंडी हवन को शुभ एवं मंगलमय बताते हुए कहा कि “मां दुर्गा और भगवान कार्तिकेय सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करेंगे।”

आज का कार्यक्रम (तृतीय दिवस, सोमवार 27 अक्टूबर 2025)
प्रातः 7 बजे से श्री लक्ष्मी गणपति हवन — सफलता एवं समस्त बाधा निवारण हेतु।
प्रातः 8:30 बजे से स्कंद सूक्त हवन — धन-धान्य वृद्धि और पारिवारिक शांति हेतु।
प्रातः 9:30 बजे से श्री सुब्रमण्या त्रिशती हवन, श्री सुब्रमण्या पंचदशाक्षरी हवन और शत्रु संहार सुब्रमण्या अर्चना — प्रसिद्धि, शत्रु व रोग निवारण तथा सरकारी कार्यों में सफलता हेतु।
प्रातः 12:30 बजे से बहुम राजा, कन्या, सुहासिनी एवं दंपती पूजा — दुष्कर्म एवं पितृ दोष निवारण हेतु।
दोपहर 1:30 बजे वसुधारा, महापूर्णाहूति एवं कलश अभिषेकम् का आयोजन होगा।
सायं 7 बजे से भजन संध्या में श्री पी. टी. उल्हास एवं साधीमण द्वारा भक्तिमय प्रस्तुति दी जाएगी।













