प्लांट में मरम्मत कार्य के दौरान मजदूरों को ले जा रही लिफ्ट का स्टील वायर टूट गया और वह तेजी से नीचे आ गिरी
रायपुर। जांजगीर-चांपा जिले के डभरा ब्लॉक स्थित ग्राम उच्च पिंडा में मंगलवार रात आरकेएम पावर प्लांट में हुए दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। प्लांट में मरम्मत कार्य के दौरान मजदूरों को ले जा रही लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई, जिससे चार मजदूरों की मौत हो गई और सात से अधिक गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मजदूर बॉयलर की मरम्मत के लिए ऊंचाई पर जा रहे थे, तभी लिफ्ट का स्टील वायर टूट गया और वह तेजी से नीचे आ गिरी। घटना इतनी भीषण थी कि दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, एक ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ा और एक अन्य की इलाज के दौरान मौत हो गई। घायलों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी हरीश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
स्थानीय मजदूरों ने आरोप लगाया है कि यह हादसा प्लांट प्रबंधन की लापरवाही का नतीजा है। बताया जा रहा है कि लिफ्ट की नियमित जांच लंबे समय से नहीं की गई थी। मजदूर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सहायता राशि देने और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।


