कांग्रेस पर्यवेक्षक लेंगे अहिवारा, जामुल, भिलाई-चरौदा कार्यकर्ताओं की बैठक

Editor
By Editor 2 Min Read

बैठक आज, संगठन सृजन अभियान के तहत जिलाध्यक्ष चयन पर होगी चर्चा

बैठक के उपरांत बिजली दर वृद्धि के खिलाफ ज्ञापन भी सौंपा जाएगा

भिलाई। कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत जिलाध्यक्ष चयन प्रक्रिया को लेकर आज 8 अक्टूबर 2025 को अहिवारा, जामुल और भिलाई-चरौदा ब्लॉक की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। यह बैठक सुबह 11 बजे कुर्मी भवन, भिलाई-3 में होगी, जिसमें पार्टी संगठन से जुड़े सभी प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC)द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक अजय कुमार लल्लू (पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश) विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। साथ ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) की ओर से पूर्व मंत्री एवं विधायक अनिला भेंड़िया, विधायक विक्रम मंडावी, पूर्व विधायक यूडी मिंज, भिलाई-चरौदा महापौर एवं छाया विधायक निर्मल कोसरे, और दुर्ग ग्रामीण जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

बैठक का उद्देश्य तीनों ब्लॉकों में संगठनात्मक मजबूती के लिए सक्रिय संवाद और विचार-विमर्श के साथ-साथ जिलाध्यक्ष चयन प्रक्रिया को लोकतांत्रिक स्वरूप देना है। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष हीरा वर्मा, मनोज मढरिया, प्रकाश ठाकुर और दुर्गा गजबे की संयुक्त अगुवाई में स्थानीय कार्यकर्ताओं को भी संवाद का अवसर मिलेगा।
कांग्रेस संगठन के सभी सक्रिय घटकों मंडल अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष, पार्षदगण, छाया पार्षद, पूर्व एल्डरमैन, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, सेवा दल, किसान कांग्रेस, इन्टक, एनएसयूआई तथा राजीव युवा मितान क्लब के सदस्यों से अधिकतम संख्या में उपस्थित होकर बैठक को सफल बनाने का आह्वान किया गया है।

बिजली दर वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन
बैठक के उपरांत बिजली दरों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में, कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल भिलाई बिजली कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपेगा। पार्टी का कहना है कि आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ता जा रहा है और बिजली दरों में की जा रही बढ़ोतरी जनता के हित में नहीं है।

Share This Article