पार्षद अपर्णा सुब्रतो दासगुप्ता के नेतृत्व में पहुंचे थे अदालत संभागायुक्त के न्यायालय ने लिया बड़ा फैसला
वार्डवासियों को मिली न्यायिक राहत
भिलाई। भिलाई चरोदा निगम अंतर्गत वार्ड क्रमांक 20, पश्चिम की पार्षद अपर्णा सुब्रतो दासगुप्ता ने बताया कि नागरिकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। वर्ष 2022 से जिस शासकीय भूमि खसरा नंबर 324/2 (पूर्व स्टॉप डैम क्षेत्र) पर तालाब निर्माण की मांग की जा रही थी, उस पर नियम विरुद्ध दिए गए पट्टे को संभागायुक्त न्यायालय द्वारा 29 अगस्त 2025 को निरस्त कर दिया गया है। यह फैसला वार्डवासियों के लंबे संघर्ष और पार्षद अपर्णा सुब्रतो दासगुप्ता के नेतृत्व में न्यायालय में प्रस्तुत किए गए अभ्यावेदन के बाद आया है। इसमें कहा गया था कि शासकीय भूमि खसरा 324/2, जहां पहले स्टॉप डैम था, वहां पर पुनः तालाब निर्माण की मांग वर्ष 2022 से लगातार की जा रही थी। गर्मियों में पानी की बढ़ती किल्लत और भूजल स्तर में गिरावट को देखते हुए यह मांग जनहित में उठाई गई थी।
कुल 3300 वर्गफुट भूमि का हुआ था विवादित पट्टा आवंटन
दिनांक 04 अप्रैल 2025 को वार्डवासियों को जानकारी प्राप्त हुई कि उक्त भूमि में से लगभग 3300 वर्गफुट का पट्टा कुट रचना कर नियमों के विरुद्ध एक संस्था को आवंटित कर दिया गया है, जबकि प्रारंभिक मांग किसी अन्य संस्था द्वारा की गई थी। पार्षद अपर्णा सुब्रतो दासगुप्ता के नेतृत्व में यह मुद्दा संभागायुक्त न्यायालय में उठाया गया, जिसके बाद सभी पक्षों को सुनने के उपरांत यह निर्णय सुनाया गया।
न्यायालय के फैसले के प्रमुख बिंदु
-मांगकर्ता संस्था अलग थी, जबकि आवंटन दूसरी संस्था के नाम पर किया गया।
-आवंटित संस्था ने तीन वर्षों का ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं किया।
-खसरा विवरण अस्पष्ट था, न ही प्रकाशन में उचित उल्लेख किया गया।
-पूरे आवंटन में विधि और नियमों की अनदेखी की गई।
वार्ड पार्षद अपर्णा सुब्रतो दासगुप्ता ने बताया कि यह फैसला वार्डवासियों के हक में आया है। हम सबका उद्देश्य सिर्फ और सिर्फ जनहित है। पानी की समस्या को देखते हुए तालाब निर्माण अब अत्यंत आवश्यक है। यह भूमि अब फिर से उसी उद्देश्य के लिए उपयोग की जानी चाहिए, जिसके लिए यह पहले निर्धारित थी। उन्होंने आगे कहा, हम नगर निगम प्रशासन, जिला कलेक्टर, विधायक, सांसद और राज्य सरकार से मांग करते हैं कि तालाब निर्माण का कार्य शीघ्रातिशीघ्र शुरू किया जाए, ताकि आने वाले समय में लोगों को पानी की किल्लत से राहत मिल सके।
पार्षद अपर्णा के साथ प्रेस कांफ्रेंस मे विदेश राम पटेल, समीर चंद्रा, मोंटू बिस्वास, रमेश चंद्र पांडे, डी.नारायण रेड्डी, दिलीप साहू, राजू सिन्हा, डी. राजशेखर रेड्डी, बिश्वनाथ सिन्हा, सौमेंद्र मजूमदार, नामदेव, एम रघुनाथ राव, सुब्रतो दासगुप्ता उपस्थित रहे।