शिक्षक दिवस पर शिक्षिकाओं का सम्मान, RTE विद्यार्थियों को गणवेश राशि वितरित

Editor
By Editor 3 Min Read

संत कबीर पब्लिक स्कूल जी केबिन चरोदा में हुआ आयोजन, बच्चों ने खेलकूद व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लिया हिस्सा

चरोदा, जी केबिन, संत कबीर पब्लिक स्कूल जी केबिन चरोदा में 5 सितंबर 2026 को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों, पालकों एवं अतिथियों ने डॉ. राधाकृष्णन के शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को याद किया।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के अधिकार (RTE) के तहत विद्यालय में अध्ययनरत 21 विद्यार्थियों को गणवेश के लिए निर्धारित राशि का वितरण किया गया। राशि मिलने पर विद्यार्थियों एवं उनके पालकों में खुशी देखी गई। अतिथियों ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

शिक्षिकाओं का किया सम्मान

शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य मोनाली पाल सहित सहायक अध्यापिकाओं कविता पाटिल, किरण यादव, निशा देवांगन, पिंकी महतो, सुषमा तांडी, अन्नू यादव एवं दिव्या थापा का अतिथियों द्वारा सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि रामकुमार साहू ने सभी शिक्षिकाओं को शिक्षक दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके मार्गदर्शन से बच्चे शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन भी सीखते हैं।

गीत और भजनों से बांधा समां

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया गया। मीना गोस्वामी ने गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं हरीश साहू ने कृष्ण भजन सुनाया। हरेंद्र बघेल एवं बिजेंदर सिंह ने भी गीतों की प्रस्तुति दी। महेंद्र साहू ने भी गीत सुनाकर कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

पालकों और बच्चों ने भी लिया हिस्सा

इस अवसर पर पालकगण भी कार्यक्रम में शामिल हुए। पालक  संगीता प्रजापति ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन एवं शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। पालकों में मायादेवी, संतोषी नेताम सहित अन्य पालक उपस्थित रहे।

विद्यालय में बच्चों के लिए विभिन्न खेलकूद गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिताओं में भाग लिया। खेलकूद के माध्यम से बच्चों में आपसी सहयोग, अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन दयादास साहू ने किया। अंत में विद्यालय की प्राचार्य मोनाली पाल ने सभी अतिथियों, पालकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में हरेंद्र बघेल एवं बिजेंदर सिंह सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Link : https://shricgnewscreator.com/female-teachers-honored-on-teachers-day-uniform-allowance-distributed-to-rte-students/

Share This Article