सामाजिक भागीदरी से शिक्षा में आ रही गिरावट को रोका जा सकता है- बलदाऊ राम साहू
भिलाई। सियान सदन समिति पोटियाकला दुर्ग द्वारा प्राथमिक पाठशाला वार्ड 53, पोटियाकला दुर्ग में अध्ययनरत 150 बच्चों को स्कूली बैंग और स्टेशनरी वितरित किया गया। इस आयोजन सियान सदन समिति के सदस्यों के साथ वार्ड क्रमांक 53 के पार्षद सविता साहू, वार्ड क्रमांक 54 के पार्षद चंदनिया ग्राम प्रमुख भोजराम यादव व शाला विकास समिति के अध्यक्ष, शाला के प्रधान पाठक संध्या साहू, शिक्षक गण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
सियान सदन समिति के अध्यक्ष बलदाऊ राम साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारा उद्देश्य विद्यालय से समाज को जोड़ना है। सामाजिक भागीदरी से शिक्षा में आ रही गिरावट को रोका जा सकता है। उन्होंने समाज से आग्रह किया कि घर में बच्चों को पढ़ने के लिए सचेत करे। कुछ नहीं तो चरित्र निर्माण और स्वच्छता पर ध्यान देवें। वार्ड पार्षद सविता साहू ने कहा प्राथमिक शिक्षा ही आगे की शिक्षा की नींव है। इसीलिए बच्चों को आगे की शिक्षा के लिए यहीं से तैयार करना होगा। पार्षद श्रीमती चंदनिया ने शिक्षा में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर देते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर बात कही।
सियान सदन समिति के अध्यक्ष द्वारा शिक्षा में बच्चों की प्रतिस्पर्धा को बढ़ाने के लिए अर्धवार्षिक परीक्षा व वार्षिक परीक्षा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय आने वाले सभी कक्षा के बच्चों को पुरस्कृत करने की घोषणा की तथा कक्षा पाँचवी में शाला स्तर पर प्रथम को 1500, द्वितीय को 1000 और तृतीय को 500 रुपए का नगद पुरस्कार तथा कक्षा पाँचवी में विकास खंड स्तर पर प्रथम आने पर पाँच हजार रुपए तथा जिला स्तर पर प्रथम आने पर दस हजार रुपए नगद देने की घोषणा की गई। आभार प्रदर्शन करते हुए भोज राम यादव कहा कि पहले बार इस तरह का आयोजन हो रहा है। हम इसी गाँव मे रहने वाले हैं लेकिन इस विषय पर हम लोग सोच नहीं पाये लेकिन अन्य जगह से आकर इस अंचल में निवासरत सेवानिवृत्त अधिकारी/ कर्मचारी सियान सदन बनाकर रचनात्मक कार्य कर हम ग्रामीण को दिशा प्रदान कर रहे हैं। यह वरिष्ठ नागरिकों द्वारा की गई अनुकरणीय पहल है।


