उतई में 29 और 30 नवंबर को लगेगा विशेष परिवहन शिविर, एक ही जगह बनेंगे ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन संबंधी दस्तावेज

Editor
By Editor 3 Min Read

थाना परिसर में सुबह 10:30 से शाम 5 बजे तक मिलेगी सुविधा, लाइसेंस नवीनीकरण से लेकर परमिट, फिटनेस और वाहन नामांतरण तक के होंगे कार्य

उतई, ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्र के नागरिकों को परिवहन संबंधी सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग एवं जिला परिवहन कार्यालय द्वारा उतई में दो दिवसीय विशेष परिवहन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर 29 एवं 30 नवंबर को उतई थाना परिसर में लगाया जाएगा। यहां नागरिकों को ड्राइविंग लाइसेंस से लेकर वाहनों के परमिट, फिटनेस और नामांतरण सहित विभिन्न परिवहन सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिलेगा।

उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधाओं की पहुंच आसान बनाने के लिए लगातार विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। धमधा और नंदनी के बाद अब उतई क्षेत्र के नागरिकों के लिए यह शिविर लगाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को छोटे-छोटे परिवहन संबंधी कार्यों के लिए जिला परिवहन कार्यालय दुर्ग तक आने-जाने की परेशानी और अतिरिक्त समय से राहत दिलाना है।

शिविर का संचालन दोनों दिन सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। इस दौरान नए लर्निंग एवं स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने, पुराने लाइसेंस के नवीनीकरण, ई-चालान की जानकारी एवं भुगतान, ट्रैफिक कार्ड संबंधी कार्य, वाहनों के नए परमिट एवं परमिट नवीनीकरण, वाहन फिटनेस तथा वाहन स्वामित्व के नामांतरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा अन्य आवश्यक परिवहन संबंधी सेवाओं के लिए भी नागरिक आवेदन कर सकेंगे।

ये दस्तावेज लेकर पहुंचें आवेदक

शिविर में आने वाले आवेदकों को आधार कार्ड एवं पैन कार्ड की छायाप्रति, पासपोर्ट साइज फोटो और आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ लाना होगा। इसके अलावा जिस कार्य के लिए आवेदन करना है, उसके अनुसार पुराना ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी साथ रखना जरूरी होगा।

यातायात पुलिस दुर्ग ने उतई एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों और वाहन चालकों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि वाहन चालक अपने ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य जरूरी दस्तावेज समय पर बनवाएं और उनका नवीनीकरण कराएं, ताकि वैध दस्तावेजों के साथ वाहन चलाकर स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।

Link : https://shricgnewscreator.com/a-special-transport-camp-will-be-held-in-utai-on-november-29-and-30-where-driving-licenses-and-vehicle-related-documents-can-be-processed-in-one-single-location/

Share This Article