साइबर ठगी में बैंक खाते देने वाले आठ आरोपी गिरफ्तार

Editor
By Editor 3 Min Read

5 से 15 हजार रुपये कमीशन का लालच देकर उपलब्ध कराते थे बैंकिंग दस्तावेज, लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा

भिलाई, साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले आठ लोगों को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पांच हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल सिम एजेंटों के माध्यम से साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में स्थानांतरित करने के लिए किया जा रहा था।

दुर्ग पुलिस ने थाना सुपेला, पुरानी भिलाई और एसीसीयू की संयुक्त टीम के साथ कार्रवाई करते हुए 26 नवंबर को आठ खाताधारकों के विरुद्ध कार्रवाई की। इनमें सुपेला के एयू बैंक से जुड़े तीन और पुरानी भिलाई के बैंक ऑफ इंडिया से जुड़े पांच खाताधारक शामिल हैं। जांच में संबंधित खातों में लाखों रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन पाए गए हैं।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

थाना सुपेला क्षेत्र से जावेद खान (24), निवासी शांति नगर भिलाई-3, सोहेल असरफ खान (29), निवासी अय्यप्पा नगर सुपेला और मंजीत कौर, निवासी श्याम नगर बोरसी, दुर्ग को कार्रवाई के दायरे में लिया गया है।

वहीं, थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र से गुरुद्वीप सिंह चिड्डा उर्फ राहुल (30), निवासी कुम्हारी, विकास कुमार राणा (23), निवासी बिजली नगर भिलाई-3, तरुण कुमार पटेल (24), निवासी महामाया पारा भिलाई-3, मुन्नवर खान (30), निवासी विश्व बैंक कॉलोनी भिलाई-3 और परमीली राजेश कुमार (33), निवासी आदर्श नगर कैम्प-1 छावनी के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल सिम, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1320/2026 और थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 497/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 318(2), 318(3) और 317(4) के तहत कार्रवाई की गई है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कमीशन के लालच में किसी को अपना बैंक खाता या बैंकिंग दस्तावेज उपलब्ध न कराएं। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

Link : https://shricgnewscreator.com/eight-accused-arrested-for-providing-bank-accounts-for-cyber-fraud/

Share This Article