गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी के आगे श्रद्धालुओं ने की सेवा और बांटा प्रसाद
सिंधी गुरुद्वारा से शुरू हुई यात्रा का विभिन्न चौक-चौराहों पर हुआ भ्रमण
भिलाई, गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर सिंधी समाज भिलाई-3 की ओर से श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे के साथ निकली इस शोभायात्रा में समाज के महिला, पुरुष, युवा और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पारंपरिक नृत्य और गुरु सेवा के प्रति समर्पण ने पूरे आयोजन को विशेष बना दिया।

गुरु नानक जयंती के उपलक्ष्य में 18 नवंबर से 23 नवंबर तक प्रतिदिन प्रभात फेरी निकाली गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने सुबह प्रभात फेरी में शामिल होकर गुरु नानक देव के प्रति गुरुबाणी,भजन, कीर्तन कर अपनी श्रद्धा प्रकट की। इसी धार्मिक आयोजन के समापन अवसर पर आज 24 नवंबर को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने सहभागिता निभाई।

शोभायात्रा का शुभारंभ स्थानीय सिंधी गुरुद्वारा से हुआ। यहां से यात्रा जीई रोड होते हुए पुराने बस स्टैंड पहुंची। इसके बाद वापस लौटकर जैन भवन, बाजार चौक, नूतन चौक और सुभाष चौक से होते हुए सिंधु भवन पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
शोभायात्रा में गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। पालकी के आगे सिंधी समाज के लोग पारंपरिक डांडिया नृत्य करते हुए चल रहे थे। वहीं गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करते हुए श्रद्धालु पालकी के आगे सड़क पर पानी का छिड़काव कर साफ-सफाई और सेवा कार्य में जुटे रहे। इस दौरान राहगीरों को चने का प्रसाद वितरित किया गया।

आयोजन में समाज के अध्यक्ष सम्मन लाल नत्थानी, सिंधी अकादमी की अध्यक्ष सुषमा जेठानी, राजकुमारी धिंगानी, मिट्ठू मेघवानी, आशिक कुमार रिझसिंघानी, रामदास आहुजा, दिलीप मेघवानी, अमर मेघवानी, गुरुमुख वाधवानी, श्याम सचदेवा, कांग्रेस नेता सुजीत बघेल, भाजपा नेता सतीश साहू, फिरोज फारुकी, दिलीप पटेल, राम खिलावन वर्मा, पार्षद प्रेमलता चंद्राकर और पुखराज जैन सहित विभिन्न समाजों के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Link : https://shricgnewscreator.com/a-massive-outpouring-of-devotion-was-witnessed-in-bhilai-3-on-guru-nanak-jayanti-as-the-sindhi-community-organized-a-grand-procession/








