71 अंतरराष्ट्रीय पदकों के साथ बढ़ाया देश का गौरव, अपनी उपलब्धि शहीद सैनिकों और बस्तर-सुकमा-दंतेवाड़ा के युवाओं को की समर्पित
भिलाई, भारत के अंतरराष्ट्रीय पैरा-आर्मरेसलर श्रीमंत झा ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से देश और छत्तीसगढ़ का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। रोमानिया पैरा-आर्मरेसलिंग कप 2026 में उन्होंने एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया। 19 से 23 नवंबर तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में श्रीमंत ने 75 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में कड़े मुकाबलों के बीच यह उपलब्धि हासिल की।
प्रतियोगिता में श्रीमंत झा ने अपनी शारीरिक क्षमता, तकनीक, अनुभव और मजबूत इच्छाशक्ति का बेहतरीन प्रदर्शन किया। दुनिया के विभिन्न देशों के खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबलों में उन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए भारत के लिए दो पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि के साथ ही उनके अंतरराष्ट्रीय पदकों की संख्या बढ़कर 71 हो गई है।
शहीद सैनिकों को समर्पित किए पदक
श्रीमंत झा ने अपनी इस अंतरराष्ट्रीय सफलता को देश के वीर शहीद सैनिकों के नाम समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि उनकी प्रत्येक जीत उन बहादुर जवानों से प्रेरित है, जिन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। उन्होंने कहा कि यह पदक देश के सभी शहीद जवानों के प्रति सम्मान और श्रद्धांजलि है। देश के लिए पदक जीतना उनके लिए गर्व की बात है और भारतीय सैनिकों का त्याग उन्हें हर चुनौती का सामना करने की प्रेरणा देता है।
बस्तर, सुकमा और दंतेवाड़ा के युवाओं को दिया संदेश
श्रीमंत झा ने अपनी इस उपलब्धि को छत्तीसगढ़ के बस्तर, सुकमा और दंतेवाड़ा जैसे दूरस्थ अंचलों के युवाओं और बच्चों को भी समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं की असली ताकत हिंसा में नहीं, बल्कि खेल के मैदान में है। युवा भटकाव का रास्ता छोड़कर हाथों में खेल का सामान थामें और अपनी प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का तिरंगा लहराएं।
उन्होंने कहा कि बदलते छत्तीसगढ़ की यह जीत उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। खेल के माध्यम से युवा न केवल अपना भविष्य बना सकते हैं, बल्कि देश और प्रदेश को भी गौरवान्वित कर सकते हैं।
अब बेल्जियम में स्वर्ण पदक जीतने का लक्ष्य
श्रीमंत झा ने कहा कि रोमानिया में मिली यह सफलता उनके लिए बेहद खास है, लेकिन उनका लक्ष्य अभी और आगे बढ़ना है। आगामी दिनों में बेल्जियम में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाना उनकी अगली प्राथमिकता है। 71 अंतरराष्ट्रीय पदकों का सफर तय कर चुके श्रीमंत की यह उपलब्धि देश के पैरा-खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
Link : https://shricgnewscreator.com/shrimant-jha-wins-silver-and-bronze-medals-at-the-romania-para-armwrestling-cup/








