ई-रिक्शा में क्यूआर कोड से मिलेगी चालक की जानकारी, दुर्ग पुलिस की नई पहल

Editor
By Editor 2 Min Read

एक सप्ताह में जिले के सभी ऑटो और ई-रिक्शा में लगेंगे क्यूआर कोड, एसएसपी विजय अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की

दुर्ग, यात्रियों की सुरक्षा और ऑटो-ई-रिक्शा चालकों की डिजिटल पहचान सुनिश्चित करने के लिए दुर्ग पुलिस ने नई पहल शुरू की है। रविवार को उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने ई-रिक्शा में क्यूआर कोड स्टीकर लगाकर तथा हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान चालकों को डिजिटल पहचान पत्र भी वितरित किए गए।

इस व्यवस्था के तहत यात्री अपने मोबाइल से वाहन में लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर चालक और वाहन की सत्यापित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे विशेष रूप से महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। किसी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में पुलिस तक सूचना पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।

पुलिस के अनुसार आगामी एक सप्ताह में जिले के सभी ऑटो एवं ई-रिक्शा में क्यूआर कोड लगाए जाएंगे और चालकों को पहचान पत्र वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस तक पहुंचाने के लिए हेल्पलाइन नंबर के स्टीकर भी वाहनों में लगाए जा रहे हैं।

इस पहल के तकनीकी क्रियान्वयन में जनहित आर. फाउंडेशन और आरोग्यम हॉस्पिटल भिलाई का सहयोग मिल रहा है। कार्यक्रम में आरोग्यम हॉस्पिटल के सीईओ डॉ. नवीन राम दारूका, जनरल मैनेजर सुमित घोषाल तथा ऑटो एवं ई-रिक्शा संघ के अध्यक्ष उपस्थित रहे।

वीडियो

Share This Article