भिलाई-चरोदा निगम चुनाव में कांग्रेस ने शुरू की पार्षद प्रत्याशियों के चयन की तैयारी

Editor
By Editor 3 Min Read

वार्डवार पर्यवेक्षकों की नियुक्ति, दावेदारों से आवेदन लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी को सौंपेंगे सूची; निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया से होगा प्रत्याशी चयन

भिलाई, आगामी नगरीय निकाय निर्वाचन 2026 को लेकर कांग्रेस ने भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्र में चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर निगम के विभिन्न वार्डों में कांग्रेस की ओर से पार्षद चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं और दावेदारों से आवेदन प्राप्त करने तथा प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने के लिए वार्डवार पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है।

जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने 19 नवंबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, नियुक्त पर्यवेक्षक अपने निर्धारित वार्डों में कांग्रेसजनों और स्थानीय कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित करेंगे। बैठक के माध्यम से पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ने के इच्छुक व्यक्तियों से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।

निर्देश में कहा गया है कि बैठक की कार्यवाही पूरी होने के बाद प्राप्त सभी आवेदनों और दावेदारों के नामों की सूची संबंधित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी को निर्धारित समय-सीमा में सौंपना सुनिश्चित किया जाए। इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य प्रत्याशी चयन को व्यवस्थित, पारदर्शी और निष्पक्ष बनाना है, ताकि योग्य दावेदारों को अपनी दावेदारी प्रस्तुत करने का अवसर मिल सके।

जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने सभी नियुक्त पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया है कि वे इस महत्वपूर्ण संगठनात्मक एवं चुनावी प्रक्रिया को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और गंभीरता के साथ संपन्न कराएं। साथ ही निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें, जिससे आगे की चुनावी प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।

इस संबंध में 19 नवंबर को भिलाई निवास में पर्यवेक्षकों की बैठक भी आयोजित की गई थी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जानकारी साझा करते हुए बताया था कि भिलाई-चरोदा नगर निगम के सभी 40 वार्डों के लिए नियुक्त पर्यवेक्षकों के साथ प्रत्याशी चयन, चुनावी समन्वय और संगठन की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस महामंत्री सुबोध हरितवाल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर, महापौर निर्मल कोसरे और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकांत वर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस की इस कवायद को आगामी नगर निगम चुनाव से पहले वार्ड स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और संभावित प्रत्याशियों की पहचान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब वार्डों में होने वाली बैठकों और आवेदन प्रक्रिया के बाद दावेदारों के नामों पर संगठन के भीतर विचार-विमर्श होगा। हालांकि, आवेदन प्राप्त होने मात्र से किसी की उम्मीदवारी तय नहीं मानी जाएगी। अंतिम प्रत्याशी चयन पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया और नेतृत्व के निर्णय के आधार पर होगा।

वार्डवार पर्यवेक्षकों की सूची :-

Link : https://shricgnewscreator.com/congress-begins-preparations-for-selecting-councillor-candidates-for-the-bhilai-charoda-municipal-election/

Share This Article