5 से 15 हजार रुपये तक लेते थे कमीशन, ठगी की रकम के लेन-देन में हो रहा था खातों का इस्तेमाल
भिलाई, कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने वाले नौ लोगों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की है। थाना भिलाई नगर और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) की संयुक्त टीम ने जांच के दौरान इन खाताधारकों की पहचान की। आरोपितों ने पांच हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन लेकर अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड दूसरे लोगों को उपलब्ध कराए थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त लाखों रुपये की रकम के लेन-देन में किया जा रहा था।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर 20 नवंबर को नौ खाताधारकों के विरुद्ध कार्रवाई की। इनके पास से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं। इस संबंध में थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 522/2026 और 523/2026 के तहत प्रकरण दर्ज हैं।
कार्रवाई की जद में आए खाताधारक
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में टेकेश्वर साहू (21), निवासी कांट्रेक्टर कॉलोनी, सुपेला; रौनक अग्रवाल (23), निवासी नेहरू भवन के पास, सुपेला; तीरथ राम ठाकुर (33), निवासी खुर्सीडीह, बोरई; राजीव कुमार (23), निवासी मछली मार्केट, खुर्सीपार; प्रदीप कुमार (27), निवासी इंदिरा कॉलेज के पास, वैशाली नगर; इन्द्रजीत सिंह (23), निवासी गुरुनानक नगर, रामनगर; नीलेश चक्रधारी (23), निवासी सुभाष नगर, नंदिनी रोड; परमजीत सिंह (55), निवासी खंडा चौक, हाउसिंग बोर्ड, जामुल और गुरमेल सिंह (36), निवासी सुभाष चौक, कैंप-01 शामिल हैं।
जिले में 3,322 खातों की जांच
पुलिस के अनुसार, जिले में अब तक 3,322 म्यूल बैंक खातों की जांच की गई है। इनमें 3,162 खातों पर कार्रवाई करते हुए 1,668 मामलों में अपराध दर्ज किए गए हैं। अभियान के तहत अब तक 63 एफआईआर दर्ज कर 349 खाताधारकों एवं एजेंटों तथा दो बैंक अधिकारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम, पासबुक या सिम कार्ड किसी दूसरे व्यक्ति को न दें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
Link : https://shricgnewscreator.com/bank-accounts-provided-to-cyber-fraudsters-in-exchange-for-a-commission-action-taken-against-9-individuals/








