खेल, साहित्यिक गतिविधियों और आत्मीय संवाद के बीच बिताया समय, सरदार जसपाल भामरा ने कराया रात्रि भोज
रायपुर, सामाजिक एवं साहित्यिक संस्था वक्ता मंच तथा जन एकता फाउंडेशन के सदस्यों ने शुक्रवार शाम सुंदर नगर स्थित प्रशामक देखरेख गृह (वृद्धाश्रम) पहुंचकर वहां निवासरत बुजुर्गों के साथ समय बिताया। इस दौरान सदस्यों ने बुजुर्गों के साथ विभिन्न खेलों, साहित्यिक एवं मनोरंजक गतिविधियों में सहभागिता की और उनसे आत्मीय संवाद कर उनकी कुशलक्षेम जानी।

कार्यक्रम का उद्देश्य बुजुर्गों के प्रति समाज में सम्मान, संवेदनशीलता और अपनत्व की भावना को मजबूत करना था। संस्था के सदस्यों ने कहा कि वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को केवल सुविधाओं की ही नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव और सामाजिक अपनत्व की भी आवश्यकता होती है। समाज की सहभागिता से उनके जीवन को अधिक सुखद, सुरक्षित और सम्मानपूर्ण बनाया जा सकता है।

अपने हाथों से परोसा भोजन
कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। संस्था के सदस्यों के साथ बातचीत और मनोरंजक गतिविधियों से वृद्धाश्रम का माहौल खुशनुमा रहा। वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने बताया कि आयोजन के दौरान बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान देखकर सभी सदस्य भावुक और प्रसन्न हुए।

कार्यक्रम के अंत में सरदार जसपाल भामरा की ओर से आश्रम में निवासरत बुजुर्गों के लिए रात्रि भोज का आयोजन किया गया। संस्था के सदस्यों ने अपने हाथों से बुजुर्गों को भोजन परोसा और उनके साथ आत्मीयता से बातचीत की। इस दौरान बुजुर्गों की आवश्यकताओं और उनकी दिनचर्या के संबंध में भी जानकारी ली गई।
सेवा और सम्मान को बताया सामाजिक दायित्व
वक्ता मंच के संयोजक शुभम साहू के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सरदार जसपाल सिंह, बलजीत कौर, हर्षपाल सिंह, अवनीत कौर, ज्योति शुक्ला, डॉ. भारती अग्रवाल, डॉ. गोपा शर्मा, हेमलाल पटेल, राजेश्वरी साहू, शिवानी मैत्रा, तामेश्वर साहू, पंकज साहू, यश साहू, परम कुमार, शुभा शुक्ला, निशा, अंकुर शुक्ला, प्रमिला शर्मा, नंदनी शर्मा, प्रमदा ठाकुर सहित अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और जीवन संघर्ष समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। बुजुर्गों की सेवा, सुरक्षा और सम्मान करना केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। इस तरह के आयोजन बुजुर्गों को भावनात्मक संबल देने के साथ ही उनमें सामाजिक अपनत्व की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर वक्ता मंच एवं जन एकता फाउंडेशन के सदस्यों ने प्रशामक गृह के संपूर्ण विकास और वहां निवासरत बुजुर्गों के सहयोग के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
Link : https://shricgnewscreator.com/vakta-manch-visits-old-age-home-smiles-return-to-the-faces-of-the-elderly/








