पान ठेले के पास शराब पिलाने के आरोप पर हुआ था विवाद, डंडे और चप्पल से की गई थी पिटाई
भिलाई, नेवई थाना क्षेत्र में मारपीट की घटना से आहत होकर एक व्यक्ति द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर की रात करीब 10:40 बजे नेवई बस्ती स्थित शिव मंदिर के पास पान ठेले के समीप श्रवण मंडावी (54) का पड़ोसियों से विवाद हुआ था। आरोपियों ने पान ठेले के पास ग्राहकों को शराब पिलाने का आरोप लगाते हुए डंडे, चप्पल और हाथ-मुक्कों से उसकी पिटाई की थी। घटना से आहत होकर श्रवण ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मर्ग जांच के दौरान मृतक की पत्नी, परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 785/2026 के तहत धारा 108, 191(2), 115(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया। गुरुवार 19 नवंबर को पुलिस ने पांच आरोपियों आलोक कुमार हुई (52), सपना हुई (42), पायल (35), शैलेन्द्री यादव (32) और सरोज बाई यादव (45) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
Link : https://shricgnewscreator.com/man-dies-by-suicide-after-being-assaulted-five-accused-arrested/








