ब्लैक स्पॉट, ग्रे स्पॉट और हाईवे पर लगातार पेट्रोलिंग; शराब पीकर वाहन चलाने वालों की रात में विशेष जांच, 10 फिक्स प्वाइंट पर ई-चालान
दुर्ग, जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत ब्लैक स्पॉट, ग्रे स्पॉट, दुर्घटना संभावित शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही हाईवे पर लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग की जा रही है। दुर्घटनाओं के संभावित कारणों को चिन्हांकित कर संबंधित स्थानों पर समय और परिस्थितियों के अनुसार वाहन जांच की जा रही है।
यातायात पुलिस द्वारा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले चालकों पर कार्रवाई के लिए जिले में अलग-अलग 10 स्थानों पर फिक्स प्वाइंट बनाए गए हैं। इन स्थानों पर वाहनों की जांच के साथ ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर प्रभावी कार्रवाई कर दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।
हाईवे पर खड़े वाहनों को हटाने पर जोर
हाईवे पर खराब होने या लापरवाहीपूर्वक खड़े वाहनों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हाईवे पेट्रोलिंग टीम लगातार गश्त कर रही है। पेट्रोलिंग के दौरान सड़क या सड़क किनारे अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को सुरक्षित स्थान पर हटाया जा रहा है। खराब वाहनों को भी सड़क से हटाकर ऐसी जगह खड़ा कराया जा रहा है, जहां यातायात प्रभावित न हो और दुर्घटना की स्थिति निर्मित न हो।
रात में शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच
सड़क दुर्घटनाओं में नशे में वाहन चलाना भी एक प्रमुख कारण है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने रात्रिकालीन विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया है। दुर्घटना संभावित और संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट लगाकर वाहन चालकों की जांच की जा रही है। शराब के नशे में वाहन चलाते पाए जाने वाले चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
दुर्घटना के कारणों का किया जा रहा चिन्हांकन
यातायात पुलिस द्वारा जिले के ब्लैक स्पॉट और ग्रे स्पॉट के अलावा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में दुर्घटना संभावित स्थानों का चिन्हांकन किया गया है। इन स्थानों पर दुर्घटनाओं के कारणों का अध्ययन कर उसी के अनुरूप निगरानी, पेट्रोलिंग और वाहन जांच की जा रही है। समय और परिस्थितियों के अनुसार चेकिंग प्वाइंट लगाकर लापरवाह वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल यातायात नियमों का पालन कराना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को रोककर आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। दुर्घटना संभावित स्थानों पर निगरानी और आवश्यक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस दुर्ग ने वाहन चालकों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और हाईवे पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करते हुए स्वयं के साथ अन्य राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
Link : https://shricgnewscreator.com/traffic-police-keep-a-close-watch-on-accident-prone-areas/













