कार्यस्थल पर सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने एवं सुरक्षित कार्य पद्धतियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
भिलाई, शनिवार, सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा कार्मिकों एवं ठेका श्रमिकों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग में प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया गया। वेलफेयर बिल्डिंग क्रमांक-7 (पुराना एसएमएस-1 भवन) में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (एसईडी) पुष्पा एंब्रोस ने प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया।

यह प्रशिक्षण केंद्र संयंत्र के नियमित कार्मिकों एवं ठेका श्रमिकों को कार्यस्थल पर सुरक्षा से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए विकसित किया गया है। इसके माध्यम से उन्हें सुरक्षा नियमों एवं मानकों के पालन, सुरक्षित कार्य पद्धतियों को अपनाने तथा कार्य के दौरान संभावित जोखिमों की पहचान और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी एवं व्यावहारिक कौशल प्रदान किया जाएगा।

प्रशिक्षण केंद्र में कार्मिकों एवं ठेका श्रमिकों को कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, सुरक्षा नियमों, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के उचित उपयोग तथा विभिन्न कार्यस्थलों पर संभावित खतरों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा। नियमित प्रशिक्षण के माध्यम से सुरक्षित कार्य व्यवहार को बढ़ावा देने और सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों के प्रति सजगता विकसित करने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
इस प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना का उद्देश्य संयंत्र में कार्यरत प्रत्येक कार्मिक एवं ठेका श्रमिक को कार्यस्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहभागी बनाना है। दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा नियमों की जानकारी के साथ-साथ उनका व्यवहार में पालन करना भी आवश्यक है। इस दिशा में प्रशिक्षण केंद्र कार्मिकों को आवश्यक जानकारी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग की यह पहल संयंत्र में सुरक्षा जागरूकता के विस्तार, सुरक्षित कार्य पद्धतियों को प्रोत्साहन तथा सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन में सहायक होगी। नियमित प्रशिक्षण के माध्यम से कार्मिकों एवं ठेका श्रमिकों को कार्यस्थल पर संभावित खतरों के प्रति सजग बनाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने हेतु तैयार किया जाएगा। यह प्रशिक्षण केंद्र भिलाई इस्पात संयंत्र में सुरक्षित कार्य संस्कृति को और मजबूत बनाने तथा दुर्घटनामुक्त कार्यस्थल के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
Link : https://shricgnewscreator.com/inauguration-of-a-training-center-at-the-safety-engineering-department-of-bhilai-steel-plant/








