3 किलो 630 ग्राम गांजा, पिस्टल, एक्टिवा और 17,500 रुपये नकद जब्त; जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2.27 लाख रुपये
दुर्ग, पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने अवैध गांजा बिक्री और हथियार रखने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 किलो 630 ग्राम गांजा, एक पिस्टल मय मैगजीन, एक्टिवा वाहन और 17,500 रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 27 हजार 500 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उरला बांध पुल के नीचे रेलवे क्रॉसिंग के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री करने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सूर्यदेव कोठारी उर्फ गोपा (26 वर्ष), निवासी कुंदरापारा, पोटियाकला, दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखी सफेद बोरी से 3 किलो 630 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 80 हजार रुपये है। इसके अलावा एक पिस्टल मय मैगजीन, गांजा बिक्री की 17,500 रुपये नकद रकम और घटना में प्रयुक्त एक्टिवा क्रमांक CG07BY5096 भी जब्त की गई। एक्टिवा की कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 751/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख), 27(क) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। 12 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड की कार्रवाई की गई। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री और अवैध हथियारों की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Link : https://shricgnewscreator.com/youth-arrested-with-a-pistol-while-looking-to-sell-cannabis/








