चार थाना क्षेत्रों में सात वारदातों को दिया था अंजाम, बाइक, चार मोबाइल और सोने-चांदी के जेवर जब्त
दुर्ग, जिले के चार थाना क्षेत्रों में महिलाओं और राहगीरों को निशाना बनाकर मोबाइल, नकदी, बैग और आभूषणों की झपटमारी करने वाले शातिर आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से करीब 3 लाख 60 हजार रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान लक्ष्मण राव (29), निवासी डीएमसी तालाब, कुम्हारी के रूप में हुई है। खुर्सीपार क्षेत्र में लगातार हो रही झपटमारी की घटनाओं को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर खुर्सीपार पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) की संयुक्त टीम गठित की गई थी।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपित की पहचान कर घेराबंदी करते हुए उसे गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि आरोपित ने खुर्सीपार, पुरानी भिलाई, जामुल, छावनी और सुपेला थाना क्षेत्रों में सात अलग-अलग वारदातों को अंजाम दिया था। इनमें तुलसी ट्रेडर्स के सामने खुर्सीपार चौक, डबरा पारा ओवरब्रिज, नेशनल हाईवे पुरानी भिलाई, नंदनी रोड जामुल, पावर हाउस ओवरब्रिज और सुपेला क्षेत्र शामिल हैं।
बाइक समेत चार मोबाइल और जेवर बरामद
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक होंडा सीबी शाइन मोटरसाइकिल, पांच ग्राम का सोने का सिक्का, टूटा हुआ सोने का मंगलसूत्र, चार मोबाइल फोन, दो बैग, 1300 रुपये नकद, विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 3.60 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस की जनता से अपील
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों, ओवरब्रिज और सुनसान रास्तों पर मोबाइल, पर्स और आभूषणों का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या झपटमारी की घटना की सूचना तत्काल नजदीकी थाने अथवा खुर्सीपार पुलिस को दें।
Link : https://shricgnewscreator.com/cunning-snatcher-arrested-in-durg-stolen-goods-worth-%e2%82%b93-60-lakh-recovered/








