395 अल्प्राजोलम टैबलेट और 500 रुपये नकद जब्त, कुल कीमत 1.58 लाख रुपये
दुर्ग, प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलगांव पुलिस ने शिवनाथ नदी पचरी के पास एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी नशीली टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से अल्प्राजोलम 0.5 एमजी की 395 टैबलेट और 500 रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1 लाख 58 हजार 500 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि महरून रंग की फुल टी-शर्ट और काली पैंट पहने एक युवक शिवनाथ नदी पचरी के पास नशीली टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान सोमेश्वर साहू (25), निवासी बजरंग चौक, वार्ड क्रमांक 55, पुलगांव के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से 395 अल्प्राजोलम टैबलेट और बिक्री के 500 रुपये मिले।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 987/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
Link : https://shricgnewscreator.com/youth-arrested-while-out-to-sell-narcotic-tablets-near-shivnath-river/








