जिला न्यायालय में खुला पुलिस सहायता केंद्र, एक ही जगह मिलेगी हर जरूरी जानकारी

Editor
By Editor 2 Min Read

एफआईआर, सम्मन-वारंट और निःशुल्क विधिक सहायता की मिलेगी जानकारी, महिलाओं और बुजुर्गों को होगी सुविधा

दुर्ग। जिला न्यायालय परिसर में शुक्रवार को आम नागरिकों की सुविधा के लिए पुलिस सहायता केंद्र (हेल्प डेस्क) शुरू किया गया। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश शेख अशरफ प्रथम, कलेक्टर अभिजीत सिंह और उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया।

इस केंद्र के माध्यम से न्यायालय आने वाले पक्षकारों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आम नागरिकों को पुलिस संबंधी सेवाओं एवं कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी एक ही स्थान पर मिलेगी। यहां एफआईआर की प्रति प्राप्त करने, सम्मन एवं वारंट, पुलिस सत्यापन, ई-फाइलिंग तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता की प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा।

पुलिस सहायता केंद्र शुरू होने से नागरिकों को आवश्यक जानकारी के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को इससे राहत मिलेगी।

कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी यशवंत कुमार सारथी, सुनीता टोप्पो, पुरुषोत्तम सिंह मरकाम, पंकज दीक्षित, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव उमेश कुमार भागवतकर सहित अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा, सचिव रविशंकर सिंह, कोषाध्यक्ष साकेत मिश्रा एवं सदस्य रविशंकर मानिकपुरी सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित थे।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि न्यायालय परिसर में पुलिस संबंधी सहायता या कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी के लिए इस केंद्र का लाभ उठाएं।

Link : https://shricgnewscreator.com/police-assistance-center-opened-at-the-district-court-all-essential-information-will-be-available-in-one-place/

Share This Article