हादसे के बाद मौके पर पहुंचे टीआई समेत ट्रैफिक पुलिस के 7 जवान
भिलाई, भिलाई-3 स्थित जनता स्कूल क्रासिंग पर शुक्रवार दोपहर लगभग 1:15 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुर से दुर्ग की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

खबर लिखे जाने तक मृतक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। हादसे के वक्त इस संवेदनशील क्रासिंग पर ट्रैफिक पुलिस का कोई भी जवान मौजूद नहीं था। लेकिन बाद में एक साथ टीआई सहित 7 जवानों को ट्रैफिक व्यवस्था संभालते देखा गया। चौक पर सिग्नल के पास पेड़ की वजह से सिग्नल भी विगत तीन महीनों से नहीं दिखता है ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अपनी मोटरसाइकिल से जनता स्कूल क्रासिंग पार कर मार्केट की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान फोरलेन सड़क पर बगल से गुजर रही एक अन्य मोटरसाइकिल से टकराकर वह अनियंत्रित हो गया और सीधे डंपर के नीचे आ गिरा। डंपर का पिछला पहिया युवक के सिर पर चढ़ जाने से उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं। घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सुपेला अस्पताल के मर्च्युरी भेज दिया। इस घटना ने क्षेत्र की यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

आमतौर पर जनता स्कूल क्रासिंग पर सुरक्षा के लिहाज से ट्रैफिक पुलिस के जवानों की तैनाती रहती है, लेकिन हादसे के वक्त वहां कोई भी जवान मौजूद नहीं था। लोगो के सहयोग से चक्के में फंसे बॉडी को निकला गया ।
माना जा रहा है कि दीपावली के अवसर पर नजदीक के स्वामी आत्मानंद जनता इंग्लिश मीडियम स्कूल में छुट्टी होने के कारण ट्रैफिक पुलिस जवान की तैनाती में लापरवाही बरती गई। जबकि त्योहारी सीजन में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए वहां सख्त ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी अनिवार्य होनी चाहिए थी। हादसे की खबर मिलते ही भिलाई-3 टीआई समेत ट्रैफिक पुलिस के सात जवान मौके पर पहुंचे और यातायात को सुचारू कराया।
Link : https://shricgnewscreator.com/youth-killed-after-being-run-over-by-a-dumper-in-bhilai-3/









