व्यापारियों को दिए निर्देश, जे.आर.डी. स्कूल मैदान का किया निरीक्षण
दुर्ग, दीपावली पर्व पर पटाखा दुकानों के सुरक्षित संचालन एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और दुर्ग पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार को दुर्ग कलेक्ट्रेट सभागार में पटाखा व्यापारियों की बैठक लेकर सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिकारियों ने प्रत्येक दुकान में रेत से भरी बाल्टी, पानी और अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए। साथ ही दुकानों के आसपास ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण नहीं करने तथा प्रत्येक छह दुकानों के बीच पर्याप्त खाली स्थान रखने को कहा गया।
व्यापारियों को परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त सुरक्षा गार्ड तैनात करने, पृथक पार्किंग व्यवस्था करने और पुलिस कंट्रोल रूम के लिए अलग टेंट सहित माइक उद्घोषणा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि केवल वैध लाइसेंसधारी व्यापारी ही पटाखों की बिक्री करेंगे और लाइसेंस दुकान के सामने प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल, एसडीएम प्रफुल्ल गुप्ता, सीएसपी देवांश सिंह राठौर, एसडीआरएफ एवं नगर निगम के अधिकारी, थाना प्रभारी दुर्ग सहित पटाखा व्यापारी उपस्थित रहे।
बैठक के बाद अधिकारियों एवं व्यापारियों ने जे.आर.डी. स्कूल मैदान का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान पटाखा दुकानों की सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों को लेकर निर्देश दिए गए।
प्रशासन की अपील: दुर्ग पुलिस एवं जिला प्रशासन ने नागरिकों से पटाखा दुकानों के आसपास भीड़ नहीं लगाने, सुरक्षा नियमों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।
Link : https://shricgnewscreator.com/administration-strict-regarding-safety-at-firecracker-stalls-during-diwali/









