एक माह में 14,526 वाहन चालकों पर कार्रवाई, बिना हेलमेट चलने वाले सबसे अधिक पकड़ाए
दुर्ग, जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने यातायात पुलिस की सख्ती का असर दिखाई देने लगा है। ब्लैक स्पॉट और ग्रे स्पॉट पर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके चलते जनवरी से अक्टूबर 2026 तक सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 27.52 प्रतिशत घट गई है।
यातायात पुलिस ने पिछले एक माह में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 14,526 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 8,892, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले 2,236 और दोपहिया में तीन सवारी बैठाने वाले 1,315 चालक शामिल हैं। इसके अलावा बिना सीट बेल्ट 789, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 169 और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले 346 चालकों पर कार्रवाई की गई।

पुलिस द्वारा सोनेसरारा धमधा रोड, मोतीपुर चौक, मुरमुंडा चौक, मालवीय नगर चौक, अवंति बाई चौक, रेल चौक और फुंडा चौक सहित दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
दस माह में 82 मौतें कम
आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में 26 लोगों की मौत हुई थी, जबकि अक्टूबर 2026 में यह संख्या घटकर 21 रह गई। वहीं जनवरी से अक्टूबर 2025 तक 298 लोगों की जान गई थी, जबकि वर्ष 2026 की समान अवधि में 216 लोगों की मृत्यु हुई। इस तरह दस माह में मृतकों की संख्या में 82 की कमी यानी 27.52 प्रतिशत गिरावट दर्ज की गई।

यातायात नियमों के पालन की अपील
यातायात पुलिस दुर्ग ने नागरिकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। ब्लैक स्पॉट और ग्रे स्पॉट पर विशेष चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Link : https://shricgnewscreator.com/27-52-reduction-in-road-accident-fatalities-in-durg/









